कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 में कुछ लोगों के नमाज अदा करने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। वायरल वीडियो में कुछ मुस्लिम व्यक्तियों को टर्मिनल-2 में नमाज पढ़ते हुए देखा जा सकता है, जबकि पास में मौजूद सुरक्षा कर्मी उन्हें देखते नजर आ रहे हैं।
कर्नाटक भाजपा के प्रवक्ता विजय प्रसाद ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और मंत्री प्रियांक खरगे से सवाल किया कि क्या नमाज पढ़ने वालों ने सार्वजनिक स्थल पर ऐसा करने के लिए सरकार के हालिया नियमों के तहत अनुमति ली थी। उन्होंने शनिवार देर रात ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 के भीतर इस तरह की अनुमति कैसे दी जा सकती है? क्या मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और मंत्री प्रियांक खरगे इस पर सहमत हैं?” प्रसाद ने आरोप लगाया कि सरकार ने हाल ही में ऐसे नियम बनाए हैं जिनका उद्देश्य आरएसएस की गतिविधियों पर रोक लगाना है। उन्होंने कहा, “जब आरएसएस अनुमति लेकर पथ संचलन करता है तो सरकार आपत्ति दर्ज करती है, लेकिन प्रतिबंधित सार्वजनिक क्षेत्रों में होने वाली ऐसी गतिविधियों पर आंखें मूंद लेती है।” अंत में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह घटना इतने संवेदनशील क्षेत्र में गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय नहीं है।
कर्नाटक: बंगलूरू एयरपोर्ट पर नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल, भाजपा ने सरकार से मांगा जवाब






