हरियाणा के फरीदाबाद जिले में पुलिस ने एक बड़े तलाशी अभियान के दौरान 50 बोरे विस्फोटक सामग्री बरामद की हैं। ये विस्फोटक एक इमाम के घर से मिले हैं, जहां आतंकी मुजम्मिल का अक्सर आना-जाना रहता था। पुलिस ने सभी बोरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इनमें किस प्रकार का विस्फोटक रखा गया है। इस बरामदगी के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है। गौरतलब है कि जिले के फतेहपुर तगा इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को लगभग 2563 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ मिला, जिसे 50 बोरो में भरकर रखा गया था। यह सामान मस्जिद के इमाम इरफान के उस मकान से बरामद हुआ, जिसे उन्होंने चार साल पहले खरीदा था और फिलहाल किराए पर दिया हुआ था। बताया जा रहा है कि इस घर में आतंकी मुजम्मिल का आना-जाना नियमित था। पुलिस इस मकान के किरायेदारों और इमाम इरफान दोनों से पूछताछ कर रही है।
महिला डॉक्टर से जुड़ा आतंकी कनेक्शन
फरीदाबाद से गिरफ्तार आतंकी मुजम्मिल के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। जांच में पता चला है कि उसका संबंध एक महिला डॉक्टर से है, जिसकी कार वह अक्सर इस्तेमाल करता था। पुलिस ने मुजम्मिल के कमरे से 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट, हथियार और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है। जम्मू पुलिस अब इस महिला डॉक्टर से पूछताछ कर रही है। आतंकी मुजम्मिल फतेहपुर तगा रोड पर बने एक किराए के मकान में रह रहा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस को भारी मात्रा में रासायनिक पदार्थ, राइफल, पिस्टल, मैगजीन, कारतूस, टाइमर, वॉकी-टॉकी सेट, वायर और कई सूटकेस बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस मकान मालिक, कॉलेज स्टाफ और मुजम्मिल से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। कॉलेज परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मीडिया को अंदर जाने से रोका गया है।






