सीवान विधानसभा से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज करने के बाद वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने चौथी बार स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल ली है। पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने कहा कि विभाग में खाली पड़े पदों को शीघ्र भरना उनकी शीर्ष प्राथमिकता है।
मंगल पांडेय ने मंगलवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग के सभागार में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि चौथी बार स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिलने पर वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के भरोसे के साथ वे दोगुनी मेहनत से कार्य करेंगे। सीवान की जनता और एनडीए नेताओं का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाताओं के आशीर्वाद से उन्हें एक बार फिर सेवा का मौका मिला है।
रिक्तियों पर जोर, बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारियाँ
मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती रिक्त पदों को भरना है। पिछले कार्यकाल में बड़ी संख्या में नियुक्तियाँ हुई थीं और कई प्रक्रियाएँ आगे बढ़ चुकी थीं। अब विभाग एक बार फिर तेजी से भर्ती अभियान पूरा करने में जुटा है। उन्होंने बताया कि 26 हजार पदों की बहाली अंतिम चरण में है, जिससे गांवों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कर्मियों की कमी दूर होगी। साथ ही, एनएचएम के तहत 6700 से अधिक पदों पर नियुक्ति तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHOs) की बहाली भी अगले चार महीनों में पूरी हो जाएगी। कुल मिलाकर लगभग 32,700 पदों की भर्ती आने वाले समय में पूरी की जाएगी। लक्ष्य अगले चार महीनों में इन सभी नियुक्तियों को सम्पन्न करने का है।
जिन भर्तियों पर कार्य जारी है
- सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी – 663 पद, नियुक्ति दिसंबर तक
- दंत चिकित्सा पदाधिकारी – 808 पद, नियुक्ति दिसंबर तक
- एएनएम – 8938 पद, अधियाचना BTSC को भेजी गई
- स्टाफ नर्स (GNM) – 11,389 पद, परीक्षा पूर्ण, BTSC अनुशंसा के बाद पदस्थापन
- नर्सिंग ट्यूटर – 498 पद, परीक्षा पूर्ण
- आयुष चिकित्सक-शिक्षक – 121 पद, विज्ञापन जारी
- सहायक प्राध्यापक – 1711 पद, विज्ञापन जारी
- सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर – 1047 पद, विज्ञापन जारी
- सह-प्राध्यापक (संविदा) – 655 पद
- प्राध्यापक (संविदा) – 269 पद, विज्ञापन जारी
तकनीकी पदों पर परीक्षा पूर्ण (12,627 पद)
- फार्मासिस्ट – 2473
- परिधापक – 3326
- लैब टेक्नीशियन – 2969
- एक्स-रे टेक्नीशियन – 1232
- ओटी असिस्टेंट – 1683
- ईसीजी टेक्नीशियन – 242
- दंत कर्मी – 702
देश का पहला 400 बेड वाला हड्डी अस्पताल तीन माह में तैयार
पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण हड्डी अस्पताल परिसर में 400 बेड का सुपर स्पेशियलिटी ऑर्थो हॉस्पिटल भी अगले तीन महीनों में तैयार हो जाएगा। यह देश का पहला 400-बेड वाला समर्पित हड्डी अस्पताल होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में 925 योजनाओं का शिलान्यास हुआ था, जिनमें से 610 नए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर अगले तीन महीनों में जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। और भोजपुर, वैशाली और सिवान में नए मेडिकल कॉलेज जल्द शुरू होने जा रहे हैं।






