
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला गुवाहाटी में खेला गया। दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 549 रन का विशाल लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में भारतीय टीम मात्र 140 रन पर ऑलआउट हो गई।
घर में खेलते हुए भारत को एक और बड़ी हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट 408 रन से जीतते हुए दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इससे पहले कोलकाता टेस्ट भी दक्षिण अफ्रीका ने 30 रन से जीता था। 549 रन के लक्ष्य के सामने भारतीय बल्लेबाज दूसरी पारी में बुरी तरह विफल रहे और पूरी टीम 140 रन पर ढेर हो गई। यह अंतर घर और बाहर, दोनों स्थितियों में रनों के अंतर से भारत की अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट हार है। इससे पहले 2004 में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 342 रन से हराया था।
पिछले 13 महीनों में भारत को दूसरी बार किसी टीम ने टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले अक्टूबर-नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को 3-0 से हराया था। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी यह हार भारत के अभियान को बड़ा झटका देगी।

दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए थे, जबकि भारत अपनी पहली पारी में सिर्फ 201 रन ही बना सका। फॉलोऑन नहीं देने का फैसला करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 260 रन बनाकर पारी घोषित की। पहली पारी की 288 रन की बढ़त के साथ कुल बढ़त 548 रन की हो गई, और भारत के सामने 549 रन का लक्ष्य रखा गया। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत यशस्वी जायसवाल (13) और केएल राहुल (6) के विकेट खो चुका था।
बुधवार को भी भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। साई सुदर्शन 14 रन, कुलदीप यादव 5 रन, ध्रुव जुरेल 2 रन और कप्तान ऋषभ पंत 13 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर 16 रन जोड़ सके। रविंद्र जडेजा ने अपने टेस्ट करियर का 28वां अर्धशतक लगाया और 87 गेंदों में 54 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नीतीश रेड्डी और मोहम्मद सिराज बिना खाता खोले आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से साइमन हार्मर ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए, जबकि केशव महाराज को दो और मार्को यानसेन व मुथुसामी को एक-एक सफलता मिली।






