
एयरबस के 55 साल के इतिहास में इसे अब तक का सबसे बड़ा रिकॉल माना जा रहा है। फिलहाल एयरबस के ए320 विमान दुनिया की कई एयरलाइंस में व्यापक रूप से उपयोग किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को यूरोपीय विमान निर्माता कंपनी एयरबस ने एक बयान जारी कर बताया कि वह अपने ए320 बेड़े के कई विमानों को वापस बुला रही है। दरअसल, सॉफ्टवेयर अपडेट करने की आवश्यकता के कारण कंपनी ने यह बड़ा फैसला लिया है। इस निर्णय का असर वैश्विक स्तर पर पड़ेगा और हवाई यातायात पर काफी दबाव बढ़ सकता है।
6000 विमान वापस बुलाए जाएंगे
वर्तमान में एयरबस के लगभग 11,300 ए320 विमान सेवाओं में हैं, जिनमें से करीब 6000 विमानों को रिकॉल किया जा रहा है। यह संख्या पूरी दुनिया में मौजूद ए320 परिवार के विमानों का लगभग आधा हिस्सा है। खासकर क्रिसमस के दौरान उड़ानों की संख्या बढ़ने से यह निर्णय पूरी दुनिया में एयर ट्रैफिक को प्रभावित कर सकता है और यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ सकती है। ऐतिहासिक रूप से यह एयरबस का सबसे बड़ा रिकॉल बताया जा रहा है। जब कंपनी ने रिकॉल की घोषणा की, तब दुनिया भर की 350 से अधिक एयरलाइंस के लगभग 3000 ए320 विमान उस समय उड़ान भर रहे थे। हालांकि सॉफ्टवेयर बदलाव बेहद जटिल नहीं है, लेकिन इसके लिए हर विमान को रिपेयर सेंटर भेजना होगा और प्रति विमान कम से कम दो घंटे का समय लग सकता है। अमेरिका, चीन, भारत, यूरोप, दक्षिण अमेरिका और न्यूजीलैंड सहित कई देशों में उड़ानें देरी से चल सकती हैं या बाधित हो सकती हैं।
एयरबस पहले ही बड़े स्तर पर विमान मरम्मत कार्य का सामना कर रही है और कर्मचारियों की कमी के कारण मेंटेनेंस टीम पर अतिरिक्त दबाव है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकन एयरलाइंस के पास ए320 परिवार के सबसे अधिक 475 विमान हैं — जिनमें ए319 के 129, ए320 के 47 और ए321 के 299 विमान शामिल हैं। भारत में इंडिगो एयरलाइंस के पास इस परिवार के कुल 312 विमान हैं। एयर इंडिया ने कहा, “हमारे लिए सुरक्षा सर्वोपरि है। EASA और एयरबस के निर्देशों के बाद A320 वर्ग के विमानों में जरूरी सॉफ्टवेयर व हार्डवेयर री-अलाइनमेंट का काम तेज़ी से किया जा रहा है। हमारे इंजीनियर 24 घंटे काम कर रहे हैं और हम 40% से अधिक विमानों का काम पूरा कर चुके हैं। हमें उम्मीद है कि तय समयसीमा में पूरा बेड़ा अपडेट हो जाएगा। इस प्रक्रिया के कारण कोई उड़ान रद्द नहीं की गई है, हालांकि कुछ उड़ानें थोड़ी देर से चल सकती हैं या उनका समय बदला जा सकता है। ग्राउंड स्टाफ यात्रियों की मदद के लिए मौजूद है।”
DGCA ने भी जारी किए निर्देश
भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशक (DGCA) ने भी एयरबस A318, A319, A320 और A321 विमानों के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। नोटिफिकेशन में कहा गया है कि “ऐसे किसी भी विमान का संचालन न किया जाए जिसमें जरूरी मॉडिफिकेशन अभी तक नहीं किए गए हों।”






