मंगलवार को कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद मुंबई की ओर मोड़ दिया गया। बताया गया कि ईमेल में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि विमान पर मानव बम सवार है। सूचना मिलने के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई, जहां सभी यात्रियों को उतारकर विमान की गहन तलाशी ली गई। विमान को आइसोलेशन-वे में खड़ा किया गया और सुरक्षा एजेंसियों की टीमों को तुरंत तैनात किया गया। तलाशी के दौरान विमान से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
ध्यान देने योग्य है कि दिल्ली में हुए धमाके के बाद से सुरक्षा एजेंसियां पहले ही हाई अलर्ट पर हैं। इसके बावजूद, पिछले दो हफ्तों में कई एयरपोर्ट्स और विमानों को उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। कुछ समय पहले टोरंटो से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में बम होने की अफवाह फैली थी, जबकि उससे पहले मुंबई से वाराणसी जाने वाली फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली थी। इसके अलावा, कुछ असामाजिक तत्व दिल्ली, गोवा और चेन्नई एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी भी दे चुके हैं।
फ्लाइट में मानव बम की धमकी के बाद विमान को मुंबई में सुरक्षित उतारा






