गोवा से दिल्ली जा रही एक उड़ान में एक अमेरिकी महिला यात्री को अचानक गंभीर चिकित्सकीय परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान विमान में मौजूद कर्नाटक की पूर्व विधायक और पेशे से डॉक्टर डॉ. अंजली निंबालकर ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सीपीआर दिया और उसकी जान बचाई। उनके इस सराहनीय कदम की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
रविवार को हुई इस घटना के समय डॉ. निंबालकर दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित कथित वोट चोरी के विरोध में होने वाली रैली में शामिल होने जा रही थीं। उड़ान के दौरान अमेरिकी महिला को बेचैनी और कंपकंपी हुई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई और उसकी नब्ज भी थम गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. निंबालकर ने तुरंत कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) शुरू किया, जिससे महिला को होश आ गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉ. निंबालकर पूरे सफर के दौरान बीमार यात्री के साथ रहीं, उसकी चिकित्सकीय जरूरतों का ध्यान रखा और उसे लगातार ढांढस बंधाती रहीं। दिल्ली पहुंचते ही महिला को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया। इस मानवीय कार्य के लिए यात्रियों और विमान के चालक दल ने डॉ. निंबालकर की जमकर सराहना की।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ‘एक्स’ पर लिखा कि गोवा–नई दिल्ली उड़ान के दौरान खानपुर की पूर्व विधायक डॉ. अंजली निंबालकर द्वारा दिखाई गई सूझबूझ और करुणा अत्यंत प्रेरणादायक है। जब एक अमेरिकी महिला को उड़ान में आपात चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ी, तो डॉ. अंजली ने तुरंत आगे बढ़कर समय पर प्राथमिक उपचार देकर एक अनमोल जीवन बचाया। उन्होंने कहा कि राजनीति में सक्रिय होने के बावजूद उनके भीतर का डॉक्टर बिना किसी हिचक के सामने आया, जो मानवता, सेवा और जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता में हों या न हों, डॉ. अंजली निंबालकर जैसे नेता सच्ची जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री की सराहना के लिए धन्यवाद देते हुए डॉ. निंबालकर ने कहा कि उन्होंने एक डॉक्टर होने के नाते अपना कर्तव्य निभाया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि जरूरत पड़ने पर सेवा करना उनका काम और फर्ज है, और मुख्यमंत्री की सराहना से उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई।






