
क्या आप जानते हैं कि दिन के शुरुआत की कुछ गलत आदतें भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने का कारण बन सकती हैं?
दिन की शुरुआत में भोजन करने में देरी करना या बार-बार नाश्ता छोड़ देना शरीर के बायोलॉजिकल सिस्टम को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाता है। ऑफिस जाने या काम की जल्दबाजी में नाश्ता न करने की आदत अनजाने में आपके कोलेस्ट्रॉल स्तर को बढ़ा सकती है।
गलत जीवनशैली और असंतुलित खान-पान ने आज हमारी सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। इसके चलते कई बीमारियां न सिर्फ आम हो गई हैं, बल्कि कम उम्र के लोगों को भी अपनी चपेट में ले रही हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल भी इन्हीं में से एक है, जिसे हृदय रोगों का प्रमुख जोखिम कारक माना जाता है। जिन लोगों का कोलेस्ट्रॉल स्तर लगातार अधिक रहता है, उनमें समय के साथ हार्ट अटैक का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में ज्यादा होता है। कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर के लिए जरूरी फैटी तत्व है, जो हार्मोन निर्माण, कोशिकाओं की संरचना और विटामिन-डी के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। शरीर खुद भी कोलेस्ट्रॉल बनाता है और कुछ मात्रा हमें भोजन से मिलती है। समस्या तब शुरू होती है, जब खून में इसका स्तर जरूरत से ज्यादा बढ़ जाता है। लंबे समय तक हाई कोलेस्ट्रॉल रहने पर यह धमनियों की अंदरूनी दीवारों पर जमा होने लगता है, जिससे नसें सख्त और संकरी हो जाती हैं और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने के मुख्य कारण
हाई कोलेस्ट्रॉल की सबसे बड़ी वजह असंतुलित जीवनशैली मानी जाती है। ज्यादा तला-भुना खाना, जंक फूड, ट्रांस फैट और अत्यधिक मीठी चीजों का सेवन बैड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है। शारीरिक गतिविधि की कमी, लंबे समय तक बैठे रहना और मोटापा—खासकर पेट के आसपास जमा चर्बी—भी इस समस्या को बढ़ाते हैं। इसके अलावा, नियमित रूप से नाश्ता न करना भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का एक अहम कारण है।
नाश्ता छोड़ना पड़ सकता है भारी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, काम या ऑफिस की भागदौड़ में नाश्ता न करने की आदत धीरे-धीरे कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ा सकती है। कई शोधों में सामने आया है कि देर से या बिल्कुल नाश्ता न करने से बैड कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स बढ़ सकते हैं। सुबह का हेल्दी नाश्ता न करने से इंसुलिन सेंसिटिविटी और भूख को नियंत्रित करने वाले हार्मोन भी प्रभावित होते हैं, जिससे मोटापा, डायबिटीज और हृदय रोगों का जोखिम बढ़ जाता है।
समय पर करें दिन के पहले भोजन की शुरुआत
अध्ययनों में पाया गया है कि दिन का पहला भोजन देर से करने या नाश्ता छोड़ने से शरीर का बायोलॉजिकल क्लॉक प्रभावित होता है, जो कोलेस्ट्रॉल, मेटाबॉलिज्म और भूख को नियंत्रित करता है। इसका असर ब्लड रिपोर्ट में गड़बड़ी के रूप में दिखने लगता है और आगे चलकर गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। शोध के अनुसार, जो लोग नाश्ता नहीं करते या रात में देर से भोजन करते हैं, उनमें बैड कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर सालाना ज्यादा बढ़ सकता है।
हार्मोन्स पर भी पड़ता है असर
नाश्ता न करने से फास्टिंग का समय लंबा हो जाता है, जिससे लेप्टिन और घ्रेलिन जैसे भूख नियंत्रित करने वाले हार्मोन्स में असंतुलन आ जाता है। इससे भूख ज्यादा लगने लगती है और पेट भरने के संकेत कम हो जाते हैं, नतीजतन व्यक्ति दिनभर हाई-कार्ब और हाई-फैट चीजें ज्यादा खा लेता है, जो कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने में योगदान करती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हाई कोलेस्ट्रॉल को समय रहते नियंत्रित न किया जाए, तो यह गंभीर और जानलेवा बीमारियों का कारण बन सकता है। हालांकि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण और समय-समय पर लिपिड प्रोफाइल जांच के जरिए कोलेस्ट्रॉल को काफी हद तक काबू में रखा जा सकता है।
नोट: उपरोक्त जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।





