कैंसर के इलाज से गुजर रहे मरीजों की एक आम शिकायत होती है, बाल झड़ना। खासकर कीमोथेरेपी लेने वाले मरीजों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। लेकिन अब इस परेशानी को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वैज्ञानिकों ने इसका एक असरदार समाधान ढूंढ निकाला है।
कैंसर एक गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य समस्या बना हुआ है, जिससे हर साल लाखों लोग जान गंवाते हैं। हालांकि चिकित्सा विज्ञान में हो रही प्रगति और नई तकनीकों के चलते अब इसका इलाज काफी हद तक संभव हो गया है। कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी जैसे इलाजों ने कैंसर को बढ़ने से रोकना आसान बना दिया है। लेकिन इन उपचारों के दौरान बाल झड़ना एक आम और मानसिक रूप से परेशान करने वाला दुष्प्रभाव है।
आखिर इलाज के दौरान बाल क्यों झड़ते हैं?
कीमोथेरेपी की दवाएं शरीर में तेजी से विभाजित होने वाली कोशिकाओं को निशाना बनाती हैं, जिसमें कैंसर कोशिकाओं के साथ-साथ बालों की जड़ें भी शामिल होती हैं। इस कारण बाल झड़ने लगते हैं। रेडिएशन थेरेपी भी इसी तरह से असर करती है। हालांकि सभी कीमोथेरेपी दवाएं बाल नहीं झाड़तीं, और इसका प्रभाव हर मरीज में अलग-अलग होता है।
स्कैल्प कूलिंग थेरेपी: बालों को बचाने की नई उम्मीद
अब वैज्ञानिकों ने ‘स्कैल्प कूलिंग थेरेपी’ नाम की एक तकनीक विकसित की है, जिससे कीमोथेरेपी के दौरान बाल झड़ने की समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है। इस थेरेपी में मरीज को इलाज से पहले, दौरान और बाद में एक विशेष सिलिकॉन कैप पहनाई जाती है, जो सिर की सतह को ठंडा रखती है। इससे खोपड़ी में रक्त प्रवाह कम होता है और बालों की जड़ों तक कीमोथेरेपी दवाओं का प्रभाव सीमित हो जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, यह थेरेपी बालों को पूरी तरह झड़ने से रोकने की गारंटी तो नहीं देती, लेकिन क्लीनिकल परीक्षणों में पाया गया है कि इससे लगभग 70% तक बालों का झड़ना रोका जा सकता है। अमेरिका और यूरोप के 6,000 से अधिक केंद्रों में यह तकनीक पहले ही अपनाई जा चुकी है।
सिर्फ सौंदर्य नहीं, आत्मविश्वास से भी जुड़ा है यह मुद्दा
डॉक्टरों का मानना है कि बाल झड़ना केवल एक कॉस्मेटिक समस्या नहीं है, यह मरीज की पहचान और आत्मविश्वास को भी गहराई से प्रभावित करता है। स्कैल्प कूलिंग से मरीजों को मानसिक रूप से सशक्त बनाए रखने में मदद मिलती है, जिससे वे इलाज की प्रक्रिया को ज्यादा सकारात्मक दृष्टिकोण से अपना सकते हैं।
नोट: कैंसर या किसी भी गंभीर बीमारी के इलाज से जुड़ी जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।






[…] […]