
बीसीसीआई के निर्देशों के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से बाहर कर दिया था। अब इस निर्णय को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का भी समर्थन मिल गया है।
पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के फैसले का खुलकर समर्थन करते हुए कहा है कि बोर्ड ने परिस्थितियों को देखते हुए बिल्कुल सही कदम उठाया है। उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने पर बीसीसीआई की सराहना की। गौरतलब है कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ लगातार हो रही हिंसक घटनाओं को लेकर कई राजनीतिक नेताओं ने आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई थी और अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
लगातार बढ़ते विवाद और राजनीतिक दबाव को देखते हुए बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद केकेआर ने उन्हें टीम से बाहर कर दिया। केकेआर ने मुस्तफिजुर को आईपीएल नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने बांग्लादेश में उत्पन्न हालात को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बीसीसीआई ने मामले में त्वरित और जिम्मेदार प्रतिक्रिया दी है। अजहरुद्दीन ने कहा कि बोर्ड ने कोई गलत निर्णय नहीं लिया है। बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, वह चिंताजनक है। हालांकि खेल और राजनीति को अलग-अलग देखा जाना चाहिए, लेकिन बोर्ड ने यह फैसला निश्चित रूप से विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय से परामर्श के बाद ही लिया होगा।
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद यह विवाद और गहराता नजर आ रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को उसके खेल मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि वह टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ होने वाले अपने लीग मुकाबले भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग करे। बांग्लादेश के खेल मंत्रालय का मानना है कि इस घटनाक्रम के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खेल मंत्री आसिफ नजरुल ने बताया कि उन्होंने बोर्ड को निर्देश दिया है कि वह जय शाह के नेतृत्व वाली आईसीसी से संपर्क कर बांग्लादेश के चार लीग मुकाबलों को श्रीलंका में स्थानांतरित करने का अनुरोध करे। बांग्लादेश को अपने चार लीग मैचों में से तीन कोलकाता और एक मुंबई में खेलना है।






