
प्रयागराज माघ मेले के सेक्टर-5 स्थित नारायण धाम शिविर में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई। आग की चपेट में 15 टेंट और करीब 20 दुकानें आ गईं। आग इतनी विकराल थी कि लगभग 3 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार और लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे कल्पवासियों में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल और प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। स्थानीय पुलिस और संतों के सहयोग से त्वरित बचाव कार्य किया गया और सभी कल्पवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शिविर में एक भी टेंट नहीं बचा
नारायण धाम शिविर में कुल 15 टेंट स्थापित थे, जिनमें 50 से अधिक कल्पवासी रह रहे थे। आग लगते ही शिविर में घना धुआं भर गया, जिसके बाद लोगों में भगदड़ मच गई। तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। महज 10 मिनट के भीतर एक-एक कर 5 दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए। सीएम योगी के करीबी संत सतुआ बाबा भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।
आग लगने का कारण
प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिससे तंबुओं में तेजी से आग फैल गई। घटना श्रद्धालुओं के लिए स्थापित नारायण धाम शिविर में हुई। दमकल विभाग की 5 गाड़ियों द्वारा लगातार पानी की बौछार की जा रही है। एहतियातन आसपास के शिविरों को खाली कराया गया। सभी कल्पवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अब तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है बचाव और और राहत कार्य जारी है।






