
बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने नागरिक उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र दोबारा खोल दिया है, जिसके बाद वहां फंसे भारतीय छात्रों की निकासी प्रक्रिया में तेजी आई है। एसोसिएशन के अनुसार दूतावास ने छात्रों के व्यक्तिगत विवरण और पासपोर्ट एकत्र कर लिए हैं, जबकि पहले बैच के छात्रों को सुबह 8 बजे तक तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के मुताबिक तेहरान से दिल्ली के लिए पहली निकासी उड़ान शुक्रवार को रवाना होगी। सभी छात्रों का रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया गया है। पहले बैच में गोलीस्टन यूनिवर्सिटी के छात्रों के साथ एसबीयूएमएस (शहीद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज) और टीयूएमएस (तेहरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज) के कुछ छात्रों के शामिल होने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि अंतिम यात्री सूची की पुष्टि के बाद इसे गुरुवार देर रात जारी किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि शेष छात्रों की निकासी भी सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से जारी रहेगी।






