
खाटू श्याम जी में आयोजित होने वाले विश्वविख्यात फाल्गुनी मेले को लेकर प्रशासन ने इस बार व्यापक और विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए दर्शन मार्ग, सुरक्षा, यातायात, लाइन और पार्किंग व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए जाएंगे। यह नई व्यवस्था मेले की पूरी अवधि तक प्रभावी रहेगी।
अगले माह आयोजित होने वाले फाल्गुनी मेले में करीब 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने समय रहते तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत की अध्यक्षता में जिला पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए 5 बड़े बदलावों पर निर्णय लिया गया।
जानिए मेले में किए गए 5 बड़े बदलाव
- एग्जिट व्यवस्था में बदलाव
अब तक मेले में केवल दो एग्जिट एरिया होते थे। इस बार कला भवन की ओर जाने वाली 10 एग्जिट लाइनों में से 4 लाइनों को गुवाड़ चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इससे एक साथ अधिक भीड़ निकलने से बनने वाले भगदड़ जैसे हालात से बचाव होगा। - फुट ओवरब्रिज का निर्माण
75 फीट ग्राउंड पर श्रद्धालुओं की लाइन के ऊपर से फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालु बिना लाइन बाधित किए सुरक्षित रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर जा सकेंगे। - रियल टाइम क्राउड मॉनिटरिंग
अब खाटू की ओर आने वाले मंडा और रींगस मार्ग पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे पुलिस प्रशासन को रियल टाइम में भीड़ की सटीक जानकारी मिलेगी और उसी अनुसार व्यवस्थाएं नियंत्रित की जा सकेंगी। - बैरिकेडिंग की ऊंचाई बढ़ेगी
श्रद्धालुओं द्वारा लाइन तोड़कर दूसरी लाइन में जाने की घटनाओं को रोकने के लिए इस बार बैरिकेडिंग की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। - नए पार्किंग स्थल विकसित होंगे
एकादशी के दौरान अत्यधिक भीड़ को देखते हुए नए पार्किंग स्पॉट तैयार किए जाएंगे, ताकि पार्किंग और ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल सके।
प्रशासन का कहना है कि इन बदलावों से मेले के दौरान श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम दर्शन व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।





