
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव अपने वैवाहिक जीवन को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। प्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेने के संकेत दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी के व्यवहार के कारण पारिवारिक रिश्तों में दरार आई है।
प्रतीक यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा पोस्ट में कहा कि वह इस रिश्ते को जल्द समाप्त करना चाहते हैं। पोस्ट में उन्होंने यह भी दावा किया कि अपर्णा यादव की वजह से उनके पारिवारिक संबंध प्रभावित हुए हैं और इसका असर उनकी मानसिक स्थिति पर पड़ा है। प्रतीक यादव का आरोप है कि उनकी पत्नी निजी रिश्तों की बजाय अपनी प्रसिद्धि और प्रभाव बढ़ाने पर अधिक ध्यान दे रही हैं, जिससे उनका पारिवारिक जीवन असंतुलित हो गया। इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। गौरतलब है कि प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी वर्ष 2011 में इटावा के सैफई में बेहद भव्य और हाई-प्रोफाइल अंदाज में हुई थी। विवाह समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साथ ही फिल्म जगत के महानायक अमिताभ बच्चन भी मौजूद रहे थे।
दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत वर्ष 2001 में हुई थी। बताया जाता है कि एक बर्थडे पार्टी के दौरान ई-मेल के माध्यम से बातचीत शुरू हुई, जो आगे चलकर रिश्ते में बदल गई। करीब एक दशक तक चले संबंध के बाद दोनों ने विवाह का निर्णय लिया। प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की दो बेटियां हैं। हाल ही में 4 दिसंबर 2025 को अपर्णा यादव के जन्मदिन पर दोनों साथ नजर आए थे, जिससे उस समय तक रिश्ते सामान्य माने जा रहे थे।






