उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के लिए चयनित 60,244 नव नियुक्त सिपाहियों को रविवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस विशेष अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डीजीपी राजीव कृष्णा ने शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ स्थित डिफेंस एक्सपो मैदान का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी नव चयनित सिपाहियों के आवागमन और ठहरने की व्यवस्था की गई है। उनके गृह जिलों से कार्यक्रम स्थल तक एक मध्यवर्ती जिले में रात्रि विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
नवचयनित सिपाहियों में 48,196 पुरुष और 12,048 महिलाएं हैं, जिन्हें नागरिक पुलिस के पद पर नियुक्त किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को कुल 48.17 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 15.49 लाख महिलाएं थीं। सबसे अधिक चयन आगरा जिले (2,349 अभ्यर्थी) से हुआ है, वहीं बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली जैसे अन्य राज्यों से भी कुल 1,145 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
शनिवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी डिफेंस एक्सपो मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण और लखनऊ पुलिस कमिश्नर भी मौजूद रहे। राजधानी लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित यह कार्यक्रम रविवार दोपहर 12 बजे शुरू होगा। बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है।
यह आयोजन प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण समारोह है, जिसमें हाल ही में यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में सफल अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र प्राप्त करेंगे।




