
बेटे पार्थ और जय ने दी चिता को मुखाग्नि
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुरुवार को उनके गृहनगर बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटों ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। गौरतलब है कि बुधवार को एक दुखद विमान हादसे में निधन के बाद अजित पवार को बारामती में अंतिम विदाई दी गई। पूरे राज्य में शोक की लहर के बीच विद्या प्रतिष्ठान मैदान में आयोजित अंतिम संस्कार में भारी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक शामिल हुए। पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर काटेवाड़ी से मैदान लाया गया, जहां हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
“अजित दादा अमर रहें” के नारों से गूंजा बारामती
दोपहर में अंतिम संस्कार की रस्में शुरू हुईं। अजित पवार के बेटों पार्थ और जय ने चिता को मुखाग्नि दी। इस भावुक क्षण में उनकी पत्नी और राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार खुद को संभाल नहीं सकीं। मैदान में मौजूद जनसमूह ने “अजित दादा अमर रहें” के नारे लगाए, जिससे माहौल गमगीन हो उठा। इस शोकसभा में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, मुरलीधर मोहोल और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने श्रद्धांजलि दी। अजित पवार के चाचा और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुष्पचक्र अर्पित किए। सांसद सुप्रिया सुले पूरे समय सुनेत्रा पवार के साथ रहीं और उन्हें ढांढस बंधाती रहीं। इसके अलावा प्रफुल्ल पटेल, रामदास अठावले, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पूर्व मुख्यमंत्री सुशीलकुमार शिंदे और अशोक चव्हाण समेत कई प्रमुख नेता अंतिम संस्कार में शामिल हुए। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने काटेवाड़ी जाकर श्रद्धांजलि दी। अभिनेता रितेश देशमुख भी मौजूद रहे। अजित पवार अपने अनुशासन के लिए जाने जाते थे। अंतिम संस्कार के दौरान लाउडस्पीकर से बार-बार शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन ने कहा कि शांति बनाए रखना ही ‘दादा’ के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। परिवार के सदस्यों भाई श्रीनिवास पवार, बहनों और अन्य परिजनों ने भी उन्हें नमन किया।
बता दें कि अजित पवार का विमान कल बारामती एयरस्ट्रिप के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। लैंडिंग से लगभग 200 मीटर पहले विमान गिरा और उसमें आग लग गई। इस हादसे में अजित पवार सहित चार अन्य लोगों की जान चली गई। मृतकों में पायलट कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट कैप्टन शाम्भवी पाठक, सुरक्षा अधिकारी विदीप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल थे। सभी के पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
ब्लैक बॉक्स बरामद, जांच जारी
हादसे की जांच के लिए पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) दर्ज की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है, जिसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी में खराब दृश्यता को लैंडिंग में बाधा का कारण बताया गया है, जबकि जांच से वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।






