
बिहार की राजनीति में एक अहम बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राज्यसभा के माध्यम से सक्रिय राजनीति में कदम रखने की संभावनाएं प्रबल बताई जा रही हैं। अब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन में परिवार को प्रत्यक्ष भूमिका से दूर रखा है, लेकिन जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं के हालिया बयानों ने इन अटकलों को और मजबूती दी है। वहीं सहयोगी दल भाजपा भी उनके संभावित प्रवेश के स्वागत के संकेत दे चुकी है।
विधानसभा चुनाव के दौरान पहले उनके सीधे चुनावी मैदान में उतरने की चर्चा थी। बाद में विधान परिषद के रास्ते एंट्री की संभावना जताई गई। अब राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी के भीतर यह संकेत मिल रहे हैं कि निशांत कुमार की औपचारिक राजनीतिक शुरुआत इसी मंच से हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस बार मुख्यमंत्री की सहमति भी बताई जा रही है, हालांकि स्वयं नीतीश कुमार ने इस विषय पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। उल्लेखनीय है कि वे लंबे समय से परिवारवाद के विरोध में मुखर रहे हैं। जदयू के वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि निशांत कुमार जल्द ही पार्टी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सोशल मीडिया पर भी उन्हें राज्यसभा भेजे जाने को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि राज्यसभा को लेकर पार्टी के किसी शीर्ष नेता ने औपचारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनकी सक्रिय राजनीति में एंट्री को लेकर सकारात्मक संकेत जरूर दिए गए हैं।
सक्रिय राजनीति में आने की संभावना मजबूत
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने स्पष्ट कहा है कि निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने की पूरी संभावना बन चुकी है। उन्होंने बताया कि बिहार के युवा और जदयू कार्यकर्ता लंबे समय से उनकी सक्रिय भूमिका की अपेक्षा कर रहे थे और जल्द ही इस दिशा में औपचारिक घोषणा हो सकती है। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने नई पीढ़ी के राजनीति में आने का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षित और युवा नेतृत्व की राजनीति में भागीदारी सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार शिक्षित, तकनीकी पृष्ठभूमि वाले और जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं, जिनका राजनीति में आना समय की मांग है। मंत्री अशोक चौधरी ने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए “होली का बड़ा तोहफा” बताया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार शिक्षित और इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले हैं तथा मुख्यमंत्री की विचारधारा से प्रेरित हैं। कार्यकर्ताओं की मांग पर उनका राजनीति में आना पार्टी के लिए उत्साहजनक कदम माना जा रहा है।
फिलहाल औपचारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन जदयू के भीतर से मिल रहे संकेतों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बिहार की राजनीति में एक नई पीढ़ी की एंट्री की पटकथा लगभग तैयार है।






