
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को जलुकबारी विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उनकी पत्नी सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नामांकन से पूर्व उन्होंने कामरूप मेट्रो क्षेत्र से विधानसभा कार्यालय तक भव्य रोड शो निकाला। इस दौरान उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा ने इसे परिवार और समर्थकों के लिए खुशी का क्षण बताया। खराब मौसम के बावजूद रोड शो में हजारों समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में लोगों का जुटना शुरू हो गया था। महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। बीहू के पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के बीच माहौल उत्सव जैसा नजर आया, मानो पूरा गुवाहाटी जश्न में डूबा हो। बारिश के बीच भी उमड़ी भीड़ को लेकर उन्होंने कहा कि यह असम की जनता के स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने हाल ही में 89 में से 88 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें जलुकबारी से सरमा का नाम प्रमुखता से शामिल है। राज्य में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस विशाल रैली से स्पष्ट है कि भाजपा राज्य में अपनी सत्ता बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।
‘जनता का आशीर्वाद ही मेरी ताकत’
हिमंत बिस्वा सरमा वर्ष 2001 से लगातार जलुकबारी सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने शुरुआत में कांग्रेस के टिकट पर तीन बार जीत दर्ज की और वर्ष 2015 में भाजपा में शामिल होने के बाद भी लगातार जीत का सिलसिला जारी रखा। नामांकन से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “जलुकबारी की जनता के आशीर्वाद से मैं नामांकन दाखिल करने जा रहा हूं, आपका समर्थन ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”






