
भारतीय रेलवे ने सेना, नौसेना और वायुसेना के वीरता पदक विजेताओं तथा उनके परिवारों के लिए एक बड़ी सुविधा का ऐलान किया है। अब इन जवानों को प्रथम श्रेणी और 2एसी में आजीवन नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा।
भारत सरकार के इस अहम निर्णय के तहत वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिक भारतीय रेलवे में जिंदगी भर मुफ्त सफर कर सकेंगे। यह सुविधा फर्स्ट क्लास, सेकेंड एसी और एसी चेयर कार में एक सहयात्री के साथ उपलब्ध होगी। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह पहल देश के बहादुर सैनिकों के सम्मान और उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से की गई है। यह योजना उन सभी सैन्य कर्मियों पर लागू होगी जिन्हें सेना, नौसेना या वायुसेना के वीरता पदकों से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही, पुरस्कार विजेताओं के जीवनसाथी चाहे वे विधवा हों या विधुर पुनर्विवाह तक इस सुविधा के पात्र रहेंगे। वहीं, अविवाहित मरणोपरांत सम्मानित सैनिकों के माता-पिता को भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा। सरकार का यह कदम देश के लिए साहस और बलिदान का परिचय देने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। इससे न केवल उन्हें सम्मान मिलेगा, बल्कि यात्रा के दौरान आर्थिक राहत भी मिलेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और भारतीय रेलवे जल्द ही इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा। यह सुविधा पूरे भारतीय रेलवे नेटवर्क पर मान्य होगी।
पात्रता के मानदंड
इस योजना के अंतर्गत सेना, नौसेना और वायुसेना के सभी वीरता पदक विजेता पात्र होंगे। उनके जीवनसाथी, जिनमें विधवाएं और विधुर शामिल हैं, पुनर्विवाह तक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा, अविवाहित मरणोपरांत सम्मानित सैनिकों के माता-पिता को भी इस योजना में शामिल किया गया है। रक्षा मंत्रालय शीघ्र ही इस संबंध में विस्तृत गाइडलाइन जारी करेगा, ताकि सभी पात्र व्यक्तियों को इस सुविधा का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।





