
सूची में ट्रंप का नाम टॉप-10 में भी नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर वैश्विक स्तर पर अपनी लोकप्रियता का परचम लहराते हुए दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में शीर्ष स्थान पर काबिज रहे हैं। अमेरिकी डेटा एनालिटिक्स फर्म मॉर्निंग कंसल्ट के हालिया सर्वे में उन्हें 68 प्रतिशत की अप्रूवल रेटिंग हासिल हुई है, जिससे वे लगातार तीसरी बार इस सूची में नंबर एक बने हुए हैं। 2 से 8 मार्च के बीच किए गए इस सर्वेक्षण में पीएम मोदी अपने अंतरराष्ट्रीय समकक्षों से काफी आगे नजर आए। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सत्ता में लगातार तीसरी बार बने रहने के बावजूद उनकी लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता में कोई कमी नहीं आई है।
टॉप-10 से बाहर रहे डोनाल्ड ट्रंप
इस सूची में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को टॉप-10 में जगह नहीं मिल सकी और उन्हें केवल 39 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग प्राप्त हुई। वहीं, पीएम मोदी के बाद दूसरे स्थान पर स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पारमेलिन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग संयुक्त रूप से 62-62 प्रतिशत रेटिंग के साथ रहे।
वैश्विक नेताओं की रेटिंग इस प्रकार रही:
- नरेंद्र मोदी (भारत) – 68%
- गाय पारमेलिन (स्विट्जरलैंड) – 62%
- ली जे-म्युंग (दक्षिण कोरिया) – 62%
- आंद्रेज (चेक गणराज्य) – 57%
- जेवियर माइली (अर्जेंटीना) – 55%
- साने ताकाइची (जापान) – 55%
- मार्क कार्नी (कनाडा) – 52%
- क्लाउडिया शीनबाम (मैक्सिको) – 43%
- बार्ट डी वेवर (बेल्जियम) – 42%
- लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा (ब्राजील) – 42%
ब्रिटेन और फ्रांस के नेता पीछे
अन्य प्रमुख नेताओं में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर को 24 प्रतिशत और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को महज 17 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली, जिससे वे इस सूची में काफी पीछे रह गए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में भारतीय राजनीति में एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल को मिलाकर उन्होंने कुल 8,931 दिनों तक नेतृत्व किया है, जिससे वे देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रमुख बन गए हैं।
मॉर्निंग कंसल्ट की यह रेटिंग विभिन्न देशों के वयस्क नागरिकों की राय पर आधारित सात दिन के मूविंग एवरेज के आधार पर तैयार की जाती है, जो वैश्विक स्तर पर नेताओं की लोकप्रियता का आकलन प्रस्तुत करती है।






