
ट्रस्ट की वेबसाइट से विशिष्ट दर्शन का विकल्प भी हटाया
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट में अहम बदलाव करते हुए ऑनलाइन दर्शन व्यवस्था को और सरल बना दिया है। ट्रस्ट ने ‘विशिष्ट दर्शन’ की श्रेणी को समाप्त कर दिया है, जिसके बाद अब वेबसाइट पर केवल ‘सुगम दर्शन’ और ‘सामान्य दर्शन’ के ही विकल्प उपलब्ध रह गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु राम मंदिर अयोध्या में रामलला और राम परिवार के दर्शन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। ट्रस्ट का यह कदम दर्शन व्यवस्था में समानता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले सभी श्रद्धालुओं को एक समान श्रेणी में दर्शन की सुविधा प्रदान की जा रही है।
मौजूदा स्थिति यह है कि 30 तारीख तक के सभी दर्शन स्लॉट पहले ही पूर्ण रूप से बुक हो चुके हैं। ‘सुगम दर्शन’ पास के माध्यम से श्रद्धालुओं को रामलला और राम परिवार के दर्शन कराए जाएंगे, जबकि ‘सामान्य दर्शन’ पास में रामलला, राम परिवार के साथ-साथ सप्तमंडपम और कुबेर टीला सहित अन्य स्थलों के दर्शन भी शामिल होंगे। इसके अलावा, ट्रस्ट ने एक पास पर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी घटा दी है। पहले ‘सुगम दर्शन’ पास पर आठ लोग दर्शन कर सकते थे, जिसे अब घटाकर पांच कर दिया गया है। अब प्रत्येक पास पर अधिकतम पांच श्रद्धालुओं को ही दर्शन की अनुमति होगी।



