असम के गोलाघाट जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें करीब 14 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गये हैं। यह दुर्घटना गोलाघाट के डेरगांव के पास बलिजान इलाके में सुबह करीब 5 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि असम के गोलाघाट जिले के डेरगांव इलाके के पास बस एक ट्रक से टकरा गई, इस घटना में 14 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आज सुबह डेरगांव के पास 45 लोगों को ले जा रही बस ट्रक से टकरा गई। यह बस अपर असम की ओर जा रही थी। उन्होंने कहा, “अब तक की जानकारी के अनुसार हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
स्थानीय पुलिस थाने के एक अधिकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब चार बजकर 30 मिनट पर हुई। गोलाघाट के कामरगांव से पिकनिक के लिए तिनसुकिया जिले के तिलिंगा मंदिर जा रही बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई. उन्होंने कहा, “चार लेन राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण ट्रक गलत दिशा से जोरहाट की ओर से आ रहा था, जबकि बस सही लेन में थी. सुबह कोहरा था और दोनों वाहन तेज गति में थे”






