श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी को लेकर काम तेजी से चल रहा है। श्री रामजन्मभूमि मंदिर के भूतल पर 14 में से 11 स्वर्ण मंडित कपाट लगा दिए गए। इसमें मुख्यद्वार भी शामिल है। मंदिर के गर्भगृह में कपाट लग गये हैं, इसके अतिरिक्त सिंहद्वार पर भी चार पल्ले का कपाट लगाया गया है। सभी कपाटों पर सोना जड़ा हुआ है। प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी को लेकर परिसर का समतलीकरण किया जा रहा। सड़क निर्माण को अंतिम स्पर्श दिया जा रहा है। टेंट लगाने का काम शुरू हो गया है। यात्री सुविधा केंद्र में निशुल्क लाकर एवं प्रतीक्षालय में कुर्सियां लगाने का कार्य भी एक दो दिन में पूरा हो जाएगा।
उधर दूसरी तरफ प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के निमंत्रण पत्र को लेकर राजनीतिक दलों के अलग- अलग मत सामने आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने समारोह में शामिल न होने का निर्णय लिया, तो आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का महोत्सव में शामिल होना लगभग तय है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के रामघाट स्थित संपर्क, संवाद कार्यालय से उनके निजी सचिव ने संपर्क कर केजरीवाल के लिए आवास व्यवस्था के बारे में पूछा। केजरीवाल आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष के रूप में समारोह में शामिल होंगे। वे टेंट सिटी में ठहर सकते हैं। हालांकि अभी उनके आवास का आवंटन नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही आवास की व्यवस्था हो जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा समारोह को संपन्न कराने के लिए धीरे-धीरे वालंटियर की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को यह संख्या पांच सौ पार हो गई। इसमें मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा, तमिलनाडु, केरल, दिल्ली आदि प्रदेशों के पुरुष व महिलाएं आई हैं। इन सभी को आवास, भोजन, आवागमन के प्रबंध में लगाया जाएगा।




