झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम कथित भूमि धोखाधड़ी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के संबंध में पूछताछ करने के लिए सोरेन के दिल्ली स्थित आवास पहुंची। लगभग 13 घंटे से अधिक समय तक वहां डेरा डाले रही। इस दौरान ईडी की टीम ने परिसर की तलाशी ली। ईडी सूत्रों ने बताया कि इस दौरान हेमंत सोरेन की एक बीएमडब्ल्यू कार, 36 लाख कैश और दास्तावेज जांच एजेंसी अपने साथ ले गई। ईडी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिस चार्टर्ड विमान से रांची से दिल्ली आए थे, वह अभी भी दिल्ली एयरपोर्ट पर खड़ा है।
हेमंत सोरेन शनिवार (27 जनवरी) की देर रात अचानक दिल्ली रवाना हो गए थे। उन्होंने एक चार्टर फ्लाइट से उड़ान भरी थी। तब बताया गया था कि वह कुछ राजनीतिक मुलाकात करने के लिए दिल्ली गए हैं। वहां वह कानूनी सलाह भी लेंगे। इससे पहले ईडी ने उन्हें 10वां समन भेजा था और 29 जनवरी से 31 जनवरी के बीच पेश होने के लिए कहा था। अगर वह ED के सामने पेश नहीं होते हैं तो एजेंसी उनके आवास पर जाकर पूछताछ करेगी।
इस दौरान ईडी की टीम ने कहा कि हेमंत सोरेन कहां हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं है। ईडी ने हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित घर पर छापेमारी भी की। इस दौरान जांच टीम ने कुछ कागजात और उनकी 2 बीएमडब्ल्यू कारों को जब्त कर लिया। इसके साथ ही 36 लाख कैश भी बरामद किए गए। ईडी के मुताबिक, जांच एजेंसी को मुख्यमंत्री कार्यालय से एक मेल मिला है। इसमें लिखा है कि मुख्यमंत्री 31 जनवरी को जांच में शामिल होंगे। इससे पहले 20 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय भूमि घोटाला मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री से पूछताछ करने के लिए रांची पहुंची थी. इस महीने की शुरुआत में, सोरेन ने केंद्रीय एजेंसी को पत्र लिखकर कहा था कि वह भूमि घोटाला मामले में उनका बयान उनके आधिकारिक आवास पर दर्ज कर सकती है।



