रिव्यु हिन्दी फिल्म ‘क्रू’

गुड फ्राइडे के दिन रिलीज हो रही फिल्म ‘क्रू’ हिंदी सिनेमा में उस नई स्थापना पर जोर देती फिल्म है जिसके लिए हिंदी सिनेमा की नायिकाएं बीते एक दशक या उससे भी ज्यादा समय से एड़ी चोटी का जोर लगाती रही हैं, और वह है नायकों से समानता। तो हिंदी सिनेमा की ‘धमाल’, ‘गोलमाल’, ‘हाउसफुल’ और ‘वेलकम’ जैसी हीरो प्रधान कॉमेडी फ्रेंचाइजी फिल्मों से मुकाबला करने निकली है एकता कपूर और अनिल कपूर की कंपनियों की मिलीजुली कोशिश, फिल्म ‘क्रू’। क्रू यानी हवाई जहाज में काम करने वाले कर्मचारियों का दस्ता। कहानी तीन विमान परिचारिकाओं (एयर होस्टेस) की है। तीनों गरीब हैं। तीनों की अपनी अपनी परेशानियां हैं। तीनों देश की बदलती आर्थिक हालत से दुखी हैं और तीनों के अपराध फिल्म में यूं दिखाए जाते हैं कि जो भी वह कर रही हैं, वह ठीक है। यही निर्देशक राजेश ए कृष्णन के सिनेमा का डीएनए है। कुणाल खेमू अभिनीत ओटीटी फिल्म ‘लूटकेस’ याद है न? राजेश की ‘लूटकेस’ के बाद ये दूसरी फिल्म है और सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली पहली।

आर्थिक प्रबंधन पर तंज कसती फिल्म
जिस देश में हवाई जहाज चलाने वाली कंपनियों के बंद होने का लंबा इतिहास रहा हो और जहां खूबसूरत परियों के बीच रहने वाले शहजादे जैसा एक हवाई जहाज कंपनी का मालिक अपनी सारी दौलत विदेश में ले जाकर मजे कर रहा हो, वहां एक ‘सच्ची’ सी घटना पर एक मजाकिया फिल्म बनाना आसान काम नहीं है। ये समाज की सच्चाई दिखाता है। बहुत चतुराई से दर्शकों को देश की असल नब्ज पकड़ाता है और खुद उनके साथ सिनेमाहाल की कुर्सियों पर बैठकर ठहाके लगाता है। हास्य और व्यंग्य की बहुत बारीक लकीर पर संतुलन बनाकर चलती निर्देशक राजेश ए कृष्णन की फिल्म ‘क्रू’ बहुत कमाल फिल्म हो, ऐसा नहीं है लेकिन ये फिल्म कोई दो घंटे का समय हंसी खुशी पार करा देती है और आज के समय में यही किसी फिल्म निर्देशक की सबसे बड़ी जीत है। विज्ञापन फिल्मों से ओटीटी सीरीज ‘ट्रिपलिंग’ के जरिये सिनेमा तक पहुंचे राजेश ए कृष्णन ने बस इन तीन कहानियों से अपनी तरफ दर्शकों का ध्यान खींचा है और इसने उनकी अगली कोशिशों के लिए उम्मीदें बनाए रखी हैं।
फिल्म ‘क्रू’ तीन विमान परिचारिकाओं की कहानी है। तीनों अलग अलग आयु वर्ग की हैं। सबसे उम्रदराज अपने से छोटी के बार बार मेकअप करने की कोशिशों पर ताने मारती है। ये मंझली वाली सोशल मीडिया की शौकीन है। मौका मिला नहीं कि किसी बड़े ब्रांड के उत्पाद के साथ सेल्फी खींची नहीं। सबसे छोटी वाली का अपना अलग दुखड़ा है। हरियाणा के किसी ऐसे गांव से है जहां अंग्रेजों के जमाने की हवाई पट्टी तो है पर जहां जहाज कोई आज तक नहीं उतरा। घर वाले उसे पायलट की पढ़ाई कराते हैं। आर्थिक हालात देश के ऐसे हैं कि एक पढ़ी लिखी पायलट को विमान परिचारिका की नौकरी करनी पड़ रही है। बहुत बड़ा तंज है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती में पीएचडी, एमए, एमबीए वालों के आवेदन करने वालों की खबरें तो आप पढ़ते ही रहते होंगे। यहां मामला बस उससे थोड़ा सम्मानजनक है।
इन तीनों परिचारिकों को छह महीने से तनख्वाह नहीं मिली है। जिस हवाई जहाज कंपनी में वह काम कर रही हैं, उसका मालिक विदेश में हैं। कंपनी का एक मुलाजिम उनके लिए ‘खास’ आपूर्ति देश से विदेश के लिए कर रहा है। मामला तब खुलता है जब एक दिन कोई 35 हजार फिट की ऊंचाई पर इनका एक पायलट टपक जाता है और सोने की तस्करी का मामला सामने आता है। लोग विदेश से सोना तस्करी करके देश में लाते हैं। तीनों बड़ी कोशिशें करती हैं इस नए ‘ज्ञान’ से अपनी माली हालत सुधारने की, लेकिन मामला एक होशियार कस्टम दरोगा के चलते पकड़ा जाता है। फिल्म ‘क्रू’ की कहानी अच्छी है। इसका माहौल अच्छा है। निर्देशन भी बेहतर है। बस इसकी सबसे बड़ी गड़बड़ी है इसकी कास्टिंग। तब्बू को गालियां देते देखते देखते दर्शक पक चुके हैं। वह अच्छी अभिनेत्री हैं लेकिन तब्बू के पास दूसरे विकल्प अब इस उम्र में ज्यादा बचे नहीं हैं। तीसरा किरदार कृति सेनन को गरीब घर की मजबूर लड़की दिखाकर, भाई और बहन के बीच दोस्ताना दिखाकर और घर से पायलट की वर्दी पहनकर निकलने के बाद बाथरूम में वर्दी बदलता दिखाकर पटकथा लिखने वाले ने उसे टाइपकास्ट कर दिया है। सिर्फ करीना कपूर खान का किरदार यहां तराजू के पलड़ों सा ऊपर नीचे होता रहता है। करीना ने अपने किरदार को जीया भी अच्छा है। कस्टम दरोगा के किरदार में तृप्ति खामकर ने बहुत बढ़िया एक्टिंग की है।

फिल्म ‘एनिमल’ को सफल बनाने में बॉयज गैंग्स ने खूब मदद की थी, इम्तिहान अब आधी आबादी यानी गर्ल्स गैंग का है, वे समूहों में ये फिल्म देखने जाती हैं या नहीं, इसी पर फिल्म का कारोबारी भविष्य टिका रहेगा।

विशिखा मीडिया

विशिखा ने जनवरी 2019 से राजस्थान की राजधानी जयपुर से हिंदी मासिक पत्रिका के रूप में अपनी नींव रखी। राजस्थान में सफलता का परचम फहराने के बाद विशिखा प्रबंधन ने अप्रैल 2021 से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मासिक पत्रिका के रूप में अपना प्रकाशन आरम्भ करने का निर्णय लिया। इसी बीच लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं कि विशिखा का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी होना चाहिये। पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विशिखा प्रबंधन ने 1 जनवरी 2022 से जयपुर से दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी अपना प्रकाशन आरम्भ किया। विशिखा में प्रमुख रूप से राजनैतिक गतिविधियों सहित, कला, समाज, पर्यटन, एवं अन्य विषयों से संबंधित विस्तृत आलेख प्रकाशित होते हैं। विशिखा पत्रिका ने अपने विस्तृत आलेखों और दैनिक न्यूज़ विश्लेषण के माध्यम से अपने पाठकों को जानकारी और ज्ञान की दुनिया में ले जाने का महत्वपूर्ण काम किया है। अपनी सटीक खबरों, विस्तृत रिपोर्टों और विशेष विषयों पर आधारित लेखों के साथ, विशिखा ने लगातार अपनी विश्वसनीयता बनायी हुई है। विशिखा मासिक पत्रिका की खबरों की गुणवत्ता, नवीनता और सटीकता को ध्यान में रखते हुए इस पत्रिका ने अपने पाठकों का दिल जीता है। यह पत्रिका न केवल जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि लोगों के बीच अपने विचारों के आदान प्रदान के लिए एक मंच भी उपलब्ध करती है। इसके लेखक, संपादक और टीम का प्रयास निरंतर यह होता है कि पाठकों को एक अच्छा अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। विशिखा का लक्ष्य आपको विभिन्न विषयों पर अद्भुत लेखों से परिचित कराना है। पत्रिका के माध्यम से हम लेखकों, संगठनों, एवं समाज के प्रतिष्ठित और सामान्य लोगों को उनकी रचनात्मक योग्यताओं के आधार पर साझा करने का प्रयास करना है। पत्रिका टीम का मूल मंत्र है- रचनात्मकता, नैतिकता और उच्चतम गुणवत्ता। विशिखा हिंदी मासिक पत्रिका है जो 2019 में शुरू हुई थी। वर्तमान में यह राजस्थान और उत्तराखंड से प्रकाशित की जाती है। इसमें विभिन्न विषयों पर लेख शामिल होते हैं जैसे कि करंट अफेयर्स, साहित्य, महिलाएं, यात्रा और अधिक। हमारी पत्रिका उन लोगों के लिए है जो ज्ञान और सूचना की तलाश में होते हैं और उन्हें उन विषयों से रुबरु कराने का एक मंच प्रदान करती हैं।

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading