आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आतिशी ने भाजपा पर सीएम केजरीवाल को मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। साथ ही सवाल उठाते हुए कहा कि ईडी केजरीवाल के इलाज कराने का विरोध क्यों कर रही है? ये ईडी का विरोध नहीं, भाजपा की साजिश है। केजरीवाल को कैंसर, किडनी और हार्ट की जांच करानी है।
एक पत्रकार वार्ता में बोलते हुए आतिशी ने कहा कि केजरीवाल ने सात दिन की अंतरिम जमानत स्वास्थ्य जांच कराने के लिए मांगी थी। क्योंकि जिस दौरान अरविंद केजरीवाल न्यायिक हिरासत में थे। उनका वजन छह से सात किलो घट गया। अचानक से इतना वजन गिरना गंभीर बीमारियों का द्योतक माना जाता है। उनका कीटोन लेवल, शुगर लेवल खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। अरविंद केजरीवाल ने एक नामी अस्पताल को डॉक्टर को दिखाया, वहां उन्हें कई जांचे लिखी गईं। उन्होंने सवाल उठाते कहा कि क्यों डॉक्टरों ने उनको इतनी जांचें लिखीं? अरविंद केजरीवाल ने इन सारे चेकअप को करवाने के लिए ईडी से मात्र सात दिन का समय मांगा। लेकिन आज राउज एवेन्यू कोर्ट में भाजपा के राजनैतिक हथियार के तौर पर काम करने वाली ईडी ने सात दिन की अंतरिम जमानत बढ़ाने वाली मांग का जबरदस्त विरोध किया।



