जम्मू में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 22 की मौत, 69 घायल

जम्मू के अखनूर में जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो गई और करीब 69 घायल हो गए। हादसे को लेकर बड़े स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया।
जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग (144ए) पर अखनूर के चूंगी मोड़ क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 22 लोगों के मारे जाने की खबर है। करीब 69 यात्री घायल हो गए। इनमें 57 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया और 12 लोगों का इलाज अखनूर उपजिला अस्पताल में जारी है। बस में 91 यात्री सवार थे। पुलिस व स्थानीय लोगों द्वारा बचाव अभियान चलाया। खाई से निकाल कर घायलों को अखनूर उपजिला अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जम्मू मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) रेफर किया गया।
बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए शिवखोड़ी जा रहे थे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उत्तरप्रदेश के हाथरस की यह बस हरियाणा के कुरुक्षेत्र से शिवखोड़ी धाम जा रही था। शिवखोड़ी धाम, जम्मू संभाग के रियासी जिले के पौनी में स्थित है, जो कि कटड़ा सिथ्त माता वैष्णो देवी मंदिर से मात्र 80 किलोमीटर की दूरी पर है। यह भगवान भोलेनाथ को समर्पित है।
तीखे मोड़ पर सामने से आ रही बस से बिगड़ गया संतुलन
जानकारी के अनुसार, बस का नंबर है- यूपी 86ईसी 4078 बताया गया है। यह बस अखनूर के चूंगी मोड़ में गहरी खाई में जा गिरी। इस तीखे मोड़ पर सामने से आ रही एक बस के आने से हादसे वाली बस के चालक का संतुलन बिगड़ा गया और यह दुर्घटना हो गई। बस के गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। तुरंत में राहत और बचाव अभियान चलाया गया। अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों में से एक अमर चंद ने बताया, ‘एक कार विपरीत दिशा से आ रही थी। बस चालक ने तीखा मोड़ को पार करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा, जिसके परिणामस्वरूप वाहन खाई में जा गिरा।’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (यातायात) फैसल कुरैशी, परिवहन आयुक्त और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और अभियान की निगरानी की। संभागीय आयुक्त रमेश कुमार, एसएसपी-जम्मू और जम्मू के डिप्टी कमिश्नर ने घायलों के बारे में जानकारी लेने के लिए जीएमसी अस्पताल का दौरा किया।
रस्सी और कुछ को पीठ पर लाद कर सड़क तक पहुंचाए घायल
बस के शीशे तोड़ कर लोगों को बाहर निकाला गया। फिर रस्सी और कुछ को पीठ पर लाद कर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद घायलों को वाहनों में सवार कर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान सड़कों पर एंबुलेंस की आवाज गूंजती रही।
57 घायल जीएमसी जम्मू रेफर
अस्पताल में हादसे की खबर के साथ ही स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया। घायलों के पहुंचने के साथ ही यहां उपचार शुरू कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। जीएमसी जम्मू में डॉक्टरों की अलर्ट टीम ने मोर्चा संभालते हुए पहुंचे हुए घायलों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया।
बस में 91 यात्री थे सवार
बस में लगभग 91 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अखनूर लेख राज, एसडीपीओ अखनूर मोहन शर्मा, थानाप्रभारी अखनूर तारिक अहमद मोके पर बचाव कार्य मे जुटे। इसके बाद एसएसपी जम्मू व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जीएमसी में घायलों का हाल जानने पहुंचे जम्मू जिला उपायुक्त
सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू में घायलों का हाल जानने के जिला उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य पहुंचे। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायलों का इलाज चल रहा है। वह यहां स्थिति की समीक्षा करने आए हैं। जिला प्रशासन घायलों को हर संभव मदद पहुंचने के लिए जुटा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख
जम्मू के अखनूर में हुए सड़क हादसे को लेकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि जम्मू के निकट अखनूर में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं है। वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं।
मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख की सहायता राशि की घोषणा
उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू के अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘ मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परजिनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज के लिए पचास हजार रुपये देने की घोषणा की गई।
जम्मू संभाग में दूसरा सबसे बड़ा हादसा
15 नवंबर 2023 को डोडा में हुए हादसे के यह जम्मू संभाग की दूसरी सबसे बड़ी दुर्घटना है। डोडा के अस्सर इलाके में यात्रियों से भरी एक बस सड़क से फिसल कर 300 फुट गहरी खाई में गिर गई थी। इसमें 39 लोगों की मौत हो गई थी और 19 घायल हो गए थे।
इसी साल 29 मार्च को रामबन जिले के बैटरी चश्मा इलाके में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) के फिसल कर खाई में गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई थी।
1 जुलाई 2019 को किश्तवाड़ के सांगवारी इलाके में एक ओवरलोड मिनी बस के सड़क से फिसल कर खाई में गिर जाने से 35 लोगों की मौत हो गई थी और 17 घायल हो गए थे।
14 सितंबर 2018 को किश्तवाड़ के दंदारन इलाके में एक मिनी बस सड़क से फिसल कर खाई में गिर गई थी, जिसमें 17 यात्रियों की मौत हो गई थी और 16 घायल हो गए थे।

विशिखा मीडिया

विशिखा ने जनवरी 2019 से राजस्थान की राजधानी जयपुर से हिंदी मासिक पत्रिका के रूप में अपनी नींव रखी। राजस्थान में सफलता का परचम फहराने के बाद विशिखा प्रबंधन ने अप्रैल 2021 से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मासिक पत्रिका के रूप में अपना प्रकाशन आरम्भ करने का निर्णय लिया। इसी बीच लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं कि विशिखा का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी होना चाहिये। पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विशिखा प्रबंधन ने 1 जनवरी 2022 से जयपुर से दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी अपना प्रकाशन आरम्भ किया। विशिखा में प्रमुख रूप से राजनैतिक गतिविधियों सहित, कला, समाज, पर्यटन, एवं अन्य विषयों से संबंधित विस्तृत आलेख प्रकाशित होते हैं। विशिखा पत्रिका ने अपने विस्तृत आलेखों और दैनिक न्यूज़ विश्लेषण के माध्यम से अपने पाठकों को जानकारी और ज्ञान की दुनिया में ले जाने का महत्वपूर्ण काम किया है। अपनी सटीक खबरों, विस्तृत रिपोर्टों और विशेष विषयों पर आधारित लेखों के साथ, विशिखा ने लगातार अपनी विश्वसनीयता बनायी हुई है। विशिखा मासिक पत्रिका की खबरों की गुणवत्ता, नवीनता और सटीकता को ध्यान में रखते हुए इस पत्रिका ने अपने पाठकों का दिल जीता है। यह पत्रिका न केवल जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि लोगों के बीच अपने विचारों के आदान प्रदान के लिए एक मंच भी उपलब्ध करती है। इसके लेखक, संपादक और टीम का प्रयास निरंतर यह होता है कि पाठकों को एक अच्छा अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। विशिखा का लक्ष्य आपको विभिन्न विषयों पर अद्भुत लेखों से परिचित कराना है। पत्रिका के माध्यम से हम लेखकों, संगठनों, एवं समाज के प्रतिष्ठित और सामान्य लोगों को उनकी रचनात्मक योग्यताओं के आधार पर साझा करने का प्रयास करना है। पत्रिका टीम का मूल मंत्र है- रचनात्मकता, नैतिकता और उच्चतम गुणवत्ता। विशिखा हिंदी मासिक पत्रिका है जो 2019 में शुरू हुई थी। वर्तमान में यह राजस्थान और उत्तराखंड से प्रकाशित की जाती है। इसमें विभिन्न विषयों पर लेख शामिल होते हैं जैसे कि करंट अफेयर्स, साहित्य, महिलाएं, यात्रा और अधिक। हमारी पत्रिका उन लोगों के लिए है जो ज्ञान और सूचना की तलाश में होते हैं और उन्हें उन विषयों से रुबरु कराने का एक मंच प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading