हिमाचल प्रदेश के रामपुर उपमंडल के समेज गांव में बादल फटने की घटना ने पूरे प्रदेश के लोगों को झकझोर दिया। यहां चारों तरफ मलबा और पत्थर ही दिख रहे हैं। सैलाब में सब कुछ बह गया।
हिमाचल प्रदेश के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत सरपारा पंचायत और निरमंड खंड सीमा पर स्थित समेज गांव में बुधवार देर रात बादल फटने की घटना ने पूरे प्रदेश के लोगों को झकझोर दिया। यहां चारों तरफ मलबा और पत्थर ही दिख रहे हैं। सैलाब में सब कुछ बह गया। अब आंसू ही बचे हैं। समेज में बुधवार रात 12:30 बजे श्रीखंड पीक पर बादल फटने से समेज खड्ड ने ऐसा तांडव मचाया कि इस बाढ़ में 36 लोग खड्ड में बह गए। लोगों को बचने का मौका भी नहीं मिला। बाढ़ में बहे लोगों में 22 स्थानीय, चार प्रवासी और सात प्रोजेक्ट कर्मी शामिल हैं।
बाढ़ की आवाज कुछ लोगों ने सुनी और उन्होंने भागकर अपनी जान बचा ली। सुबह सूचना मिलते ही समेज क्षेत्र के आसपास लोग वहां पर पहुंचे और परिजन रोते-बिलखते अपनों की तलाश करने लगे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। रामपुर से एसडीएम निशांत तोमर, डीएसपी नरेश शर्मा सहित रेस्क्यू टीम पहुंची। इसके बाद सुबह 10 बजे शिमला से उपायुक्त अनुपम कश्यप और एसपी संजय गांधी पहुंचे। उन्होंने प्रभावित लोगों से बात की। इस दौरान अपनों की तलाश में कई लोगों की आंखों में आंसू बह रहे थे। उन्हें लग रहा था कि जो लापता हैं, शायद मिल जाएं। लेकिन दिनभर तलाश करने के बाद भी लापता लोगों का कोई सुराग नहीं लगा। इस घटना में एक परिवार के सभी सदस्य लापता हो गए हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि राहत कार्य तुरंत आरंभ कर दिया है। आईटीबीपी, स्पेशल होमगार्ड की टुकड़ी भी रेस्क्यू दल में शामिल है। सरपार के प्रधान मोहन कपाटिया ने बताया कि समेज में बाढ़ आने से सरपारा पंचायत के लोगों के 26 मकान बह गए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रभावित लोगों को जल्द राहत दी जाए।
समेज खड्ड में बाढ़ आने से लापता हुए लोगों को तलाशने के लिए सेना ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। इसके अलावा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ और पुलिस जवान भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। जो लोग मलबे में समा गए हैं, उनके परिजन और रिश्तेदार भी अपनों की तलाश में जुटे हैं। हिमाचल में भारी बारिश के कारण मची तबाही के चलते कुल्लू जिले में स्कूल बंद रहे। उधर, एसपीयू मंडी ने 2 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न जिलों मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में होने वाली सभी एंड सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।






