भारतीय शेयर बाजार में बीते कारोबारी दिन सोमवार को अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का हल्का असर देखने को मिला था, जिसके चलते दिन भर उथल-पुथल रही. शुरुआत में जोरदार गिरावट के साथ ओपन होने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी अचानक तेज रफ्तार से भागे, तो मार्केट क्लोज होते-होते ये तेजी फिर गिरावट में तब्दील हो गई. इस बीच भारतीय अरबपति गौतम अडानी की कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट आई थी, लेकिन आज मंगलवार को अडानी ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान पर खुले.
मामूली गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार
सबसे पहले बात कर लेते हैं शेयर बाजार की, तो बता दें सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स-निफ्टी ने सुस्त शुरुआत की. एक ओर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 55.42 अंक की गिरावट के साथ 79,593.50 पर ओपन हुआ, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी महज 0.70 अंक फिसलकर 24,346.30 पर खुला. मार्केट ओपन होने के साथ करीब 1711 शेयरों में तेजी और 693 शेयरों में गिरावट देखने को मिली.
अडानी के सभी शेयरों में उछाल
बीते शनिवार को हिंडनबर्ग रिसर्च ने एक नई रिपोर्ट जारी की थी, जो कि मार्केट रेग्युलेटर SEBI चीफ माधबी पुरी बुच को लेकर थी और इस बार भी अमेरिकी शॉर्ट सेलर ने गौतम अडानी का जिक्र इस रिपोर्ट में किया था. इसका असर सोमवार को देखने को मिला था और शुरुआती कारोबारी में सभी शेयर लाल निशान पर कारोबार करते नजर आए थे. हालांकि, मार्केट बंद होते-होते इनमें से कुछ ने पलटी मारते हुए ग्रीन जोन में एंट्री ले ली थी, वहीं मंगलवार को अडानी के नेतृत्व वाली शेयर बाजार में लिस्टेड सभी कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है.






