मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रजवासियों को बड़ी सौगात दी है। रविवार को मुख्यमंत्री ने मथुरा में 1,037 करोड़ रुपये की लागत वाली 178 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने ब्रजवासियों को रोपवे की सुविधा भी दी। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में ही रहेंगे। इस मौके पर मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15.89 करोड़ रुपये की लागत से मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के तहत पीपीपी मॉडल पर रोपवे परियोजना की शुरुआत की। इससे ब्रह्मांचल पर्वत पर स्थित लाडली किशोरी राधा रानी के मंदिर तक जाने के लिए भक्तों को अब 251 सीढ़ियां नहीं चढ़नी पड़ेंगी। अब श्रद्धालु रोपवे के जरिए मंदिर तक आसानी से पहुंच सकेंगे। यहां पर्यटकों के लिए शौचालय, कैंटीन आदि मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। 210 मीटर लंबे इस रोपवे में 12 ट्रॉलियां चलेंगी, जिनमें प्रत्येक में 6 लोग बैठ सकते हैं। अब भक्त कुछ ही मिनटों में ब्रह्मांचल पर्वत पर स्थित श्रीजी के मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
रोपवे में यात्रा करने के लिए प्रति व्यक्ति आने-जाने का किराया 100 रुपये होगा, जबकि केवल एक तरफ के लिए 60 रुपये देना होगा। 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए भी टिकट खरीदना अनिवार्य होगा। जन्माष्टमी के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में ही रहेंगे। वे सुबह श्रीकृष्ण जन्मस्थान में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देंगे। इसके बाद वे मथुरा से प्रस्थान करेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मद्देनज़र मथुरा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है, जिसमें एटीएस की स्पेशल टीम भी शामिल है। पुलिसकर्मी हर जगह नजर बनाए हुए हैं।
योगी ने ब्रज क्षेत्र के वासियों को दी 1,037 करोड़ रुपये की सौगात






