केंद्र सरकार के एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में इस महीने वृद्धि की संभावना कम है। सूत्रों के अनुसार, अगले महीने यानी अक्तूबर में, दिवाली से पहले चार प्रतिशत की वृद्धि की संभावना है। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में केंद्रीय कैबिनेट महंगाई भत्ते में वृद्धि पर निर्णय ले सकती है। पहले उम्मीद थी कि सितंबर में सरकार यह घोषणा करेगी, पर अब यह अक्तूबर में होने की उम्मीद है। वर्तमान में डीए/डीआर की दर 50% है और अगर इसमें 4% की वृद्धि होती है तो यह दर 54% हो जाएगी।
2022 में भी केंद्रीय कैबिनेट ने 28 सितंबर को डीए में 4% वृद्धि की घोषणा की थी, जबकि उस वर्ष दीपावली 24 अक्तूबर को थी। इस बार दशहरा 13 अक्तूबर और दीपावली 1 नवंबर को है, जिससे डीए वृद्धि की घोषणा अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में होने की उम्मीद है। जनवरी से डीए में 4% वृद्धि पहले ही की जा चुकी है, जिससे दर 46% से 50% हो गई थी। अब, जुलाई से यह दर 54% हो जाएगी, जिसका लाभ कर्मचारियों को अक्तूबर में मिलेगा और उन्हें तीन महीने का एरियर भी मिलेगा।
4% डीए बढ़ने से कर्मचारियों को कितना लाभ होगा:
• यदि मूल वेतन ₹18,000 है, तो वेतन में 720 रुपये प्रति माह की वृद्धि होगी। डीए ₹9,000 से बढ़कर ₹9,720 हो जाएगा।
• मूल वेतन ₹25,000 है, तो वेतन में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी। डीए ₹12,500 से बढ़कर ₹13,500 हो जाएगा।
• मूल वेतन ₹35,000 है, तो 1,400 रुपये प्रति माह अधिक मिलेगा। डीए ₹17,500 से बढ़कर ₹18,900 हो जाएगा।
• मूल वेतन ₹45,000 है, तो 1,800 रुपये प्रति माह का लाभ होगा। डीए ₹22,500 से बढ़कर ₹24,300 हो जाएगा।
• मूल वेतन ₹52,000 है, तो 2,080 रुपये प्रति माह का फायदा होगा। डीए ₹26,000 से बढ़कर ₹28,080 हो जाएगा।
• मूल वेतन ₹70,000 है, तो 2,800 रुपये प्रति माह का फायदा होगा। डीए ₹35,000 से बढ़कर ₹37,800 हो जाएगा।
• मूल वेतन ₹85,500 है, तो 3,420 रुपये का लाभ होगा। डीए ₹42,750 से बढ़कर ₹46,170 हो जाएगा।
• और मूल वेतन ₹1,00,000 है, तो वेतन में 4,000 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी होगी, यानि डीए ₹50,000 से बढ़कर ₹54,000 हो जाएगा।
दीपावली पर एक करोड़ कर्मचारियों एवं पेंशनरों के महंगाई भत्ते में होगा इजाफा





