उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला वकील ने उत्पीड़न की शिकायत पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज होकर आत्मदाह का प्रयास किया। महिला एसएसपी कार्यालय के परिसर में पहुंची और अपने ऊपर तेल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की, लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे बचा लिया। महिला की बहन ने बताया कि ग्राम प्रधान की शिकायत करने के बाद उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, महिला वकील ने एसएसपी कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास इसलिए किया क्योंकि उसकी उत्पीड़न की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने कार्यालय परिसर में अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे रोक लिया। सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि महिला वकील की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र की निवासी शबीन बी के रूप में हुई है। शबीन और उनकी बहनों को ग्राम प्रधान द्वारा परेशान किया जा रहा था।
महिला की बहन आंचल खान ने बताया कि उनकी बहन ने ग्राम प्रधान के कार्यों की शिकायत कई सरकारी विभागों में की थी, लेकिन इसके बाद प्रधान और उनके भाई ने उन्हें और उनकी बहनों को लगातार अभद्र टिप्पणियों से परेशान किया। आंचल ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि उल्टा उनकी बहन पर झूठा मामला दर्ज कर लिया। इसी अन्याय से तंग आकर उनकी बहन ने यह जानलेवा कदम उठाया।
उत्तर प्रदेश में उत्पीड़न पर कार्रवाई न होने पर महिला वकील ने एसएसपी कार्यालय में आत्मदाह की कोशिश की






