राइजिंग राजस्थान समिट के लिए 9 सिंतबर से विदेश यात्रा पर रहेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल

राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 की अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की बैठक की शुरुआत दक्षिण कोरिया और जापान से होगी। इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपनी टीम के साथ 9 सितंबर से विदेश यात्रा पर रहेंगे। 9 से 11 दिसंबर को आयोजित होने वाले ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 की तैयारियों के तहत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 9 से 14 सितंबर के बीच अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से मिलने के लिए दक्षिण कोरिया और जापान का दौरा करेगा। इस दौरान, मुख्यमंत्री दोनों देशों के व्यापार जगत के अधिकारियों से मिलकर उन्हें राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने के लिए आमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरे के लिए कल जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां से वे दक्षिण कोरिया और जापान के लिए उड़ान भरेंगे। प्रतिनिधिमंडल जापान की राजधानी में ‘नीमराना दिवस’ समारोह में भी हिस्सा लेगा। नीमराणा, राजस्थान के अलवर जिले में स्थित एक जापानी औद्योगिक क्षेत्र है, जहां कई जापानी कंपनियां कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री इस यात्रा के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टील, ऑटोमोटिव, अक्षय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, भारी उद्योग और शिक्षा क्षेत्र की कई कंपनियों के अधिकारियों से मिलेंगे और उन्हें राजस्थान में निवेश के लिए प्रोत्साहित करेंगे। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा, अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल, उद्योग और वाणिज्य विभाग के प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा, रीको के शीर्ष अधिकारी और अन्य अधिकारी शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल पॉस्को इंटरनेशनल, डाइकिन, हिताची, बेल्टेक्नो, सैमसंग हेल्थकेयर, हनवा सॉल्यूशन जैसी कई जापानी और कोरियाई कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। निवेश बैठक के दौरान राजस्थान में निवेश के प्रमुख क्षेत्र इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, शिक्षा, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम और डिजाइन मैन्युफैक्चरिंग, और स्टोन्स होंगे। मुख्यमंत्री का प्रतिनिधिमंडल जापान में प्रवासी राजस्थानियों (एनआरआर) के समूह से भी मिलेगा और सामुदायिक कार्यक्रमों में भाग लेगा। इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में दो राउंड-टेबल बैठकों में भी हिस्सा लेगा, जिनमें से एक पर्यटन एसोसिएशन के साथ और दूसरी कोरियन स्टोन एसोसिएशन के साथ होगी। जापान और दक्षिण कोरिया में भारतीय राजदूत भी इस दौरे के दौरान विशेष रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।
राज्य सरकार देश और विदेश के विभिन्न शहरों में निवेशक बैठक आयोजित कर रही है। भारत में मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और चेन्नई में ऐसी बैठकें आयोजित की जाएंगी, जबकि विदेशों में यह बैठकें दक्षिण कोरिया, जापान, यूके, जर्मनी, यूएई, कतर, सऊदी अरब और सिंगापुर में होंगी। पिछले महीने मुंबई में आयोजित पहली घरेलू इन्वेस्टर्स मीट के दौरान 4.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे।
‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 का आयोजन 9 से 11 दिसंबर को जयपुर में होगा। इसे राजस्थान सरकार, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रोमोशन (बीआईपी), और राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन (रीको) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय मेगा समिट का उद्देश्य बड़े और छोटे निवेशकों को राजस्थान में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित करना है। समिट के दौरान कृषि, अक्षय ऊर्जा, शिक्षा और कौशल, ऑटो और ईवी, इंफ्रास्ट्रक्चर, केमिकल, पर्यटन, स्टार्टअप्स, खनन और आईटी जैसे क्षेत्रों पर विशेष सत्र आयोजित होंगे।

विशिखा मीडिया

विशिखा ने जनवरी 2019 से राजस्थान की राजधानी जयपुर से हिंदी मासिक पत्रिका के रूप में अपनी नींव रखी। राजस्थान में सफलता का परचम फहराने के बाद विशिखा प्रबंधन ने अप्रैल 2021 से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मासिक पत्रिका के रूप में अपना प्रकाशन आरम्भ करने का निर्णय लिया। इसी बीच लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं कि विशिखा का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी होना चाहिये। पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विशिखा प्रबंधन ने 1 जनवरी 2022 से जयपुर से दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी अपना प्रकाशन आरम्भ किया। विशिखा में प्रमुख रूप से राजनैतिक गतिविधियों सहित, कला, समाज, पर्यटन, एवं अन्य विषयों से संबंधित विस्तृत आलेख प्रकाशित होते हैं। विशिखा पत्रिका ने अपने विस्तृत आलेखों और दैनिक न्यूज़ विश्लेषण के माध्यम से अपने पाठकों को जानकारी और ज्ञान की दुनिया में ले जाने का महत्वपूर्ण काम किया है। अपनी सटीक खबरों, विस्तृत रिपोर्टों और विशेष विषयों पर आधारित लेखों के साथ, विशिखा ने लगातार अपनी विश्वसनीयता बनायी हुई है। विशिखा मासिक पत्रिका की खबरों की गुणवत्ता, नवीनता और सटीकता को ध्यान में रखते हुए इस पत्रिका ने अपने पाठकों का दिल जीता है। यह पत्रिका न केवल जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि लोगों के बीच अपने विचारों के आदान प्रदान के लिए एक मंच भी उपलब्ध करती है। इसके लेखक, संपादक और टीम का प्रयास निरंतर यह होता है कि पाठकों को एक अच्छा अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। विशिखा का लक्ष्य आपको विभिन्न विषयों पर अद्भुत लेखों से परिचित कराना है। पत्रिका के माध्यम से हम लेखकों, संगठनों, एवं समाज के प्रतिष्ठित और सामान्य लोगों को उनकी रचनात्मक योग्यताओं के आधार पर साझा करने का प्रयास करना है। पत्रिका टीम का मूल मंत्र है- रचनात्मकता, नैतिकता और उच्चतम गुणवत्ता। विशिखा हिंदी मासिक पत्रिका है जो 2019 में शुरू हुई थी। वर्तमान में यह राजस्थान और उत्तराखंड से प्रकाशित की जाती है। इसमें विभिन्न विषयों पर लेख शामिल होते हैं जैसे कि करंट अफेयर्स, साहित्य, महिलाएं, यात्रा और अधिक। हमारी पत्रिका उन लोगों के लिए है जो ज्ञान और सूचना की तलाश में होते हैं और उन्हें उन विषयों से रुबरु कराने का एक मंच प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading