हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली में स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में बुधवार सुबह 11:00 बजे हिंदूवादी संगठनों ने प्रदर्शन किया और रैली निकाली। संजौली बाजार में बसों की आवाजाही बंद होने से लोग पैदल चलने पर मजबूर हो गए। ढली टनल से आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार और छोटा शिमला की ओर सैकड़ों लोग आते-जाते दिखे। प्रदर्शनकारी संजौली बाजार पहुंच गए, जहां उन्होंने बैरिकेड्स तोड़ दिए। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं। शिमला एसपी प्रदर्शनकारियों को शांत करने में लगे हुए हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हैं।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछारें छोड़ीं, लेकिन भीड़ काबू से बाहर हो गई। मस्जिद से 100 मीटर की दूरी पर हजारों प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस मौके पर मौजूद है और शिमला के एसपी और डीसी हेलमेट पहनकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस धक्का-मुक्की में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई। प्रदर्शन के कारण तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे स्कूली बच्चों को लाने के लिए अभिभावकों को कठिनाई हुई और एंबुलेंस भी फंस गई। आखिरकार, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को संजौली से खदेड़ दिया, लेकिन बातचीत से समाधान नहीं निकल पाया।
शिमला में मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज





