प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज प्रदेशवासियों को कई सौगातें देने वाले हैं। खास बात यह है कि किसी को घर मिलेगा तो किसी को नौकरी। इसके अलावा, 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों और परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज राज्य स्तरीय ‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव’ में 8 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। मुख्यमंत्री शर्मा मंगलवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े और माँ वाउचर योजना की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही, स्वच्छता अभियान में सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए जयपुर में सुबह श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लोग हिस्सा लेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा, जहां मुख्यमंत्री नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके अतिरिक्त, वे जिला मुख्यालयों पर आयोजित समारोहों में शामिल नवनियुक्त कर्मचारियों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे, जहां प्रभारी मंत्री मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 5100 करोड़ रुपए की लागत से 920 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 5254 करोड़ रुपए की लागत से 608 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 45 हजार ग्रामीण लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे, और 31 हजार लाभार्थी गृह प्रवेश करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर करेंगे, और विधि मंत्री जोगाराम पटेल विशिष्ट अतिथि होंगे।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भजनलाल शर्मा आज प्रदेश को देंगे कई सौगातें






