प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों और स्मृति चिह्नों की ई-नीलामी मंगलवार से शुरू हुई है, जो 2 अक्टूबर तक चलेगी। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा 600 से अधिक उपहारों और स्मृति चिह्नों की ऑनलाइन नीलामी की जा रही है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को मीडिया से कहा कि यह अनोखा संग्रह देश की संस्कृति, आध्यात्मिकता, इतिहास और राजनीति की समृद्ध विविधता को प्रदर्शित करता है।
रजिस्ट्रेशन की जानकारी:
जो लोग इस ई-नीलामी में भाग लेना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट – https://pmmementos.gov.in/ के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
इस नीलामी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भारत के वीर योद्धाओं और स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित है, जो देश के गौरवशाली इतिहास का सम्मान करता है। इसके अलावा, 2024 पैरालंपिक खेलों से संबंधित खेल स्मृति चिह्न भी इस नीलामी का खास आकर्षण हैं। यह प्रधानमंत्री के स्मृति चिह्नों की सफल नीलामी का छठा संस्करण है, जो जनवरी 2019 में शुरू हुआ था। अब तक के पांच संस्करणों में 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई जा चुकी है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पहले की तरह, इस बार भी नीलामी से प्राप्त धनराशि नमामि गंगे परियोजना को समर्पित की जाएगी, जो गंगा नदी के संरक्षण और उसके नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार की एक प्रमुख पहल है।
नीलामी में पारंपरिक कला का व्यापक संग्रह प्रस्तुत किया गया है, जिसमें रंग-बिरंगी पेंटिंग्स, जटिल मूर्तियां, स्वदेशी हस्तशिल्प और लोक एवं आदिवासी कलाकृतियां शामिल हैं। इनमें पारंपरिक अंगवस्त्र, शॉल, सिर की टोपियां और सेरेमोनियल तलवारें भी हैं, जो सम्मान और आदर के प्रतीक के रूप में दी जाती हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों और स्मृति चिह्नों की हो रही है ई-नीलामी





