यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ विजय योजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी लोगों, बच्चों और सभी को पुतिन की बुरी नजर से बचाना आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन भाग्यशाली है, क्योंकि इस कठिन समय में अमेरिका ने हमेशा उसका साथ दिया है। रूस के साथ चल रहे युद्ध के बीच, जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात कर यूक्रेन की विजय योजना पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी समर्थन के प्रति आभार जताया और कहा कि युद्ध की शुरुआत से ही अमेरिका यूक्रेन के साथ मजबूती से खड़ा है। व्हाइट हाउस में हुई इस बैठक के बाद, यूक्रेन को एक नए सहायता पैकेज और 80 लाख रुपये की मदद की घोषणा की गई।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ हुई बैठक में मैंने उन्हें विजय योजना के बारे में बताया। हमने इस योजना को और मजबूत करने पर चर्चा की और अपने विचार साझा किए।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे खुशी है कि युद्ध की शुरुआत से ही अमेरिका और यूक्रेन साथ खड़े हैं। आपकी दृढ़ता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है।” बाइडन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यूक्रेन के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की और विश्वास जताया कि यूक्रेन इस युद्ध में विजयी होगा। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ बैठक में हमने युद्ध के मैदान में यूक्रेन की स्थिति को और मजबूत करने पर चर्चा की। दो बातें स्पष्ट हैं: यूक्रेन इस युद्ध में जीत हासिल करेगा और अमेरिका हर कदम पर उसके साथ रहेगा।”
इसके अलावा, जेलेंस्की ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ भी विजय योजना पर चर्चा की और कहा, “हमारे लिए अमेरिका के साथ पूरी तरह से समन्वय में काम करना बेहद जरूरी है।” उन्होंने अमेरिकी समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा, “हमें इस युद्ध को समाप्त कर न्यायपूर्ण शांति प्राप्त करनी होगी और यूक्रेनी लोगों को पुतिन की बुरी नजर से बचाना होगा। हम भाग्यशाली हैं कि अमेरिका इस परिस्थिति में हमेशा यूक्रेन के साथ खड़ा रहा है।” बाइडन ने एक बयान में कहा कि अमेरिकी रक्षा विभाग यूक्रेन सुरक्षा सहायता पहल के तहत 2.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर की सुरक्षा सहायता प्रदान कर रहा है, जिसमें अतिरिक्त वायु रक्षा, मानव रहित हवाई प्रणाली और अन्य हथियार शामिल हैं, जो यूक्रेन की रक्षा क्षमता को और मजबूत करेंगे।
जेलेंस्की ने बाइडन, हैरिस से मुलाकात की, साथ रहने के लिए अमेरिका का जताया आभार





