जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू में एक रैली की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी पर कड़ा हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग इन तीन परिवारों कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी से ऊब चुके हैं। वे फिर से उसी व्यवस्था में नहीं लौटना चाहते जहां नौकरियों में भ्रष्टाचार और भेदभाव था। अब यहां के लोग आतंकवाद, अलगाववाद और हिंसा नहीं चाहते, वे शांति और अपने बच्चों के लिए एक बेहतर भविष्य की चाह रखते हैं। यही कारण है कि जम्मू-कश्मीर के लोग भाजपा सरकार को पसंद कर रहे हैं। रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने याद दिलाया कि 28 सितंबर 2016 की रात को सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी, और भारत ने दुनिया को बता दिया कि यह नया भारत है, जो घर में घुसकर आतंकवादियों को मारता है। उन्होंने कहा कि आतंक के आकाओं को अब यह मालूम है कि अगर उन्होंने कोई भी गलती की, तो मोदी उन्हें कहीं भी ढूंढ निकालेगा। मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जिसने हमारी सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। उन्होंने उस समय की भी चर्चा की जब सीमा पार से लगातार गोलाबारी होती थी और कांग्रेस वाले सफेद झंडा दिखाते थे, लेकिन जब बीजेपी सरकार ने गोली का जवाब गोले से दिया, तो सामने वालों की अक्ल ठिकाने आ गई।
ये नया भारत है, घर में घुसकर मारता है: मोदी





