त्योहारी सीजन के आते ही फ्लाइट टिकटों की कीमतें बढ़ने लगती हैं। टिकटों के दाम आसमान छूने लगते हैं, लेकिन इस बार राहत की उम्मीदें बढ़ गई हैं। दिवाली और छठ से पहले हवाई टिकटों की कीमतें कम हो सकती हैं। आने वाले त्योहारी सीजन से पहले हवाई यात्रा काफी सस्ती हो सकती है। दरअसल, जेट फ्यूल की कीमत में बड़ी कटौती हुई है, जिसका असर टिकटों की कीमत पर दिख सकता है।
सस्ते हो सकते हैं हवाई टिकट
जेट फ्यूल की कीमतों में कटौती का असर हवाई किराए पर पड़ सकता है। ईंधन सस्ता होने से विमान कंपनियों के खर्चों में कमी आएगी, जिसका सीधा फायदा यात्रियों को मिल सकता है। सितंबर में जेट फ्यूल की कीमतों में 4% से अधिक की कटौती हुई थी, और अक्टूबर में यह 6% से ज्यादा सस्ता हुआ है।
एटीएफ कितना सस्ता हुआ है?
एटीएफ की कीमत में 6.3% की कटौती की गई है। मंगलवार, 1 अक्टूबर को एटीएफ के रेट इस साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। राजधानी में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत 5,883 रुपये प्रति किलोलीटर या 6.29% घटकर 87,597.22 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई। यह इस साल विमान ईंधन की सबसे कम कीमत है।
विमान कंपनियों का बोझ कम होगा
जेट फ्यूल की कीमत में लगातार दूसरी बार कटौती से विमानन कंपनियों का बोझ कम करने में मदद मिलेगी। विमान कंपनियों के कुल ऑपरेशन कॉस्ट में ईंधन का हिस्सा लगभग 40% होता है। इससे पहले, 1 सितंबर को कीमतों में 4,495.5 रुपये प्रति किलोलीटर या 4.58% की कटौती की गई थी। मुंबई में मंगलवार को एटीएफ की कीमत घटकर 81,866.13 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई। राज्यों में स्थानीय करों के आधार पर कीमतें अलग-अलग होती हैं।
दिवाली-छठ से पहले सस्ता हो सकता है फ्लाइट टिकट, घट गए जेट फ्यूल के दाम






