उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने यूपी तकनीकी शिक्षा सेवाओं की परीक्षा 2021 की तारीख का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी परीक्षा तिथि नोटिस के अनुसार, यूपी प्राविधिक शिक्षा (शिक्षण) सेवा परीक्षा-2021 का आयोजन 20 अक्टूबर 2024 को लखनऊ में किया जाएगा। इस परीक्षा के तहत व्याख्यता के शेष 16 विषयों में से 8 विषयों की परीक्षा में अनुचित साधनों के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई है।
यूपी तकनीकी शिक्षा (शिक्षण) के शेष 16 विषयों में से 8 विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें फार्मेसी, आर्किटेक्चर, टेक्सटाइल केमिस्ट्री, टेक्सटाइल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (औद्योगिक और नियंत्रण विशिष्टता के साथ), टेक्सटाइल प्रौद्योगिकी, टेक्सटाइल डिजाइन प्रिंटिंग और कारपेट प्रौद्योगिकी शामिल हैं। परीक्षा में दो पेपर होंगे, जो दो शिफ्टों में आयोजित किए जाएंगे। पहला पेपर सुबह 9:00 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा।
आयोग के उप सचिव के अनुसार, सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों के उपयोग के खिलाफ कड़े कानून लागू किए गए हैं, जिसमें 6 अगस्त 2024 को अधिसूचित ‘उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024’ के तहत नकल या अन्य अनुचित साधनों के प्रयोग को अपराध माना जाएगा, और इसमें एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना या आजीवन कारावास या दोनों हो सकते हैं।
यूपी: सार्वजनिक परीक्षाओं में नकल करने या कराने वालों पर एक करोड़ रूपए का जुर्माना




