जमशेदपुर में शेयर बाजार में बेटे द्वारा निवेश किए गए पैसे के डूबने के कारण बुधवार रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने जहर खा लिया। इसमें मां, पिता और दादी शामिल थे। मां और दादी की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना कपाली के तामोलिया आशियाना सिटी में हुई। यह परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर का निवासी था। वहीं, कर्जदारों के दबाव के कारण बेटा शहर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, तामोलिया के ब्रह्मानंद आशियाना निवासी ज्ञान प्रकाश के बेटे अंशु श्रीवास्तव ने अपने परिवार और दोस्तों से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लगभग 60-70 लाख रुपये उधार लिए थे। उसने यह रकम इस वादे के साथ ली थी कि वह उन्हें ब्याज के साथ लौटाएगा, लेकिन शेयर बाजार में सारा पैसा डूब गया। जब कर्जदारों ने पैसे वापस मांगना शुरू किया, तो अंशु शहर से फरार हो गया। उसके माता-पिता और दादी आशियाना सिटी में रह रहे थे, और कर्जदारों का दबाव बढ़ता जा रहा था। इसी कारण से तीनों ने आत्महत्या का फैसला किया।
गुरुवार रात ज्ञान प्रकाश ने अपनी पत्नी सुनीता श्रीवास्तव और मां कृष्णकांति श्रीवास्तव के साथ मिलकर कीटनाशक खा लिया। इसके बाद तीनों घर से बाहर निकले और सोसाइटी के परिसर में गिर गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत ब्रह्मानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां मां और पत्नी की मौत हो गई, जबकि ज्ञान प्रकाश की हालत गंभीर है। तामोलिया के ब्रह्मानंद आशियाना निवासी ज्ञान प्रकाश लंबे समय से शहर में रह रहे थे। कर्जदारों के बढ़ते दबाव और बेटे अंशु श्रीवास्तव के फरार होने के बाद, इस कानपुर निवासी परिवार ने आत्महत्या को ही एकमात्र विकल्प मान लिया। सोसाइटी के अन्य निवासी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
ज्ञान प्रकाश ने जहर खाने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह अपनी मां कृष्णकांति श्रीवास्तव और पत्नी सुनीता श्रीवास्तव के साथ मिलकर आत्महत्या कर रहे हैं, और उनकी मौत के लिए वे खुद जिम्मेदार हैं। परिवार के किसी अन्य सदस्य का इसमें कोई दोष नहीं है। पुलिस ने वीडियो को अपने कब्जे में ले लिया है।
शेयर बाजार में डूबे 70 लाख रूपए, बेटा बहू और माँ ने खाया जहर






