जयपुर। केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली का बड़ा तोहफा मिलने के बाद अब राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों के लिए भी अच्छी खबर आई है। प्रदेश की भजनलाल सरकार ने डीए-डीआर बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्र की तरह ही प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के डीए में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। यदि डीए में यह बढ़ोतरी लागू होती है, तो सातवें वेतनमान के दायरे में आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का डीए-डीआर 53 प्रतिशत हो जाएगा। यह तीन प्रतिशत बढ़ोतरी जुलाई से लागू होगी।
सात जिलों में चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण इस मामले में वित्त विभाग का प्रस्ताव चुनाव आयोग के पास भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग से मंजूरी मिलने के बाद जुलाई से अब तक की बढ़ी हुई राशि सेवारत अधिकारियों और कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में जमा की जाएगी, और इसके बाद नकद भुगतान किया जाएगा। वहीं, सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को जुलाई से अब तक की राशि का नकद भुगतान मिलेगा।
इससे पहले, मोदी सरकार ने बुधवार को केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा दिया। एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) तीन प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दी। यह बढ़ोतरी एक जुलाई, 2024 से लागू होगी, जिसका अर्थ है कि कर्मचारियों को तीन महीने का एरियर मिलेगा। डीए में बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ते की दर 50 से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गई है।
राजस्थान में सरकारी कर्मचारियों के लिए डीए को लेकर सरकार ने लिया फैसला






