संगम तट पर आयोजित होने वाले विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन महाकुंभ 2025 की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इन तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। महाकुंभ को अंतरराष्ट्रीय स्तर की बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी इसे अभेद्य बनाने के लिए योजनाएं तैयार कर ली गई हैं।
इस बार महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सात स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसमें 37,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही, पूरे मेला अवधि के दौरान 10 प्रकार के सुरक्षा ऑपरेशन भी संचालित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। महाकुंभ को भव्य और दिव्य बनाने के लिए तैयारियां तेजी से जारी हैं।
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी ने स्वयं प्रयागराज का दौरा कर महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने हर स्तर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इसके आधार पर अधिकारियों ने महाकुंभ के लिए सात स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर ली है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटा जा सके और उसे समय रहते टाला जा सके।
महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कुल 37,611 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें से मेला क्षेत्र के लिए 22,953, कमिश्नरेट के लिए 6,887 और जीआरपी के 7,771 पुलिसकर्मी शामिल होंगे। इसके अलावा, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 1,378 महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।
पिछले कुंभों की तुलना में इस बार अधिक सख्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। 2013 के महाकुंभ के 22,998 पुलिसकर्मियों की तुलना में इस बार 14,713 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। वहीं, अर्धकुंभ 2019 की तुलना में 10,061 अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है ताकि वे बिना किसी डर के तीर्थयात्रा कर सकें। सुरक्षा कर्मी भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ प्रयागराज आने वाले हर व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके लिए स्थानीय खुफिया इकाइयों के साथ विभिन्न पुलिस विभाग समन्वय में रहेंगे। साथ ही, मेला अवधि के दौरान 10 तरह के सुरक्षा ऑपरेशन भी चलाए जाएंगे, और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) युक्त सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
महाकुंभ 2025: महाकुंभ में बनेगा सुरक्षा चक्रव्यूह, सुरक्षा कर्मियों की रहेगी विशेष नज़र






