आज गुरुवार को फिर से 85 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसमें एअर इंडिया के 20 विमान, इंडिगो एयरलाइन के 20, विस्तारा एयरलाइन के 20 और अकासा एयरलाइन की 25 उड़ानें शामिल हैं। विमानों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 11 दिनों में इंडियन एयरलाइंस की 250 उड़ानों को ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां दी जा रही हैं, जिनमें एअर इंडिया, अकासा और इंडिगो की उड़ानें भी शामिल हैं। पुलिस ने इन धमकियों की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस ने पिछले आठ दिनों में 90 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी के संबंध में आठ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। डीजीसीए ने भी इन घटनाओं को देखते हुए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अकासा एयर के प्रवक्ता ने कहा कि उनकी कुछ उड़ानों को सुरक्षा अलर्ट मिला है और उनकी आपातकालीन टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं। वे सुरक्षा और नियामक अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं और सभी प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं। वहीं, एयर इंडिया के अधिकारी ने कहा कि कुछ उड़ानों को सोशल मीडिया पर सुरक्षा खतरे का सामना करना पड़ा है, और उन्होंने प्रोटोकॉल के तहत तुरंत अधिकारियों को सूचित कर दिया है।
इसके अलावा, गोवा के दोनों हवाई अड्डों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है और दोनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बम खतरा आकलन समिति (BTAC) का गठन किया गया है ताकि खतरों का मूल्यांकन किया जा सके। इस हफ्ते विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि सरकार उड़ानों को बम धमकियों से निपटने के लिए कानूनी कार्रवाई की योजना बना रही है, जिसमें धमकी देने वालों को नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की बात भी शामिल है। केंद्र सरकार ने मेटा और एक्स से सहयोग करने और धमकी देने वालों की जानकारी साझा करने के लिए कहा है।
एअर इंडिया, इंडिगो समेत कई विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की




