महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को विधानसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 78,309 पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। राज्यपाल ने यह भी कहा कि पंचायत कानून के तहत 6,931 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है, जो मानदेय आधारित होगी।
महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कदम
राज्य सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए फरवरी 2024 में जर्मनी के बाडेन वुर्टेमबर्ग राज्य के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत 10,000 प्रशिक्षित कर्मचारियों की आपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री माजी लाडकी बहिन योजना के अंतर्गत 21 से 65 साल की महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। राज्यपाल ने बताया कि इस योजना के तहत 2.34 करोड़ महिला लाभार्थियों को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। जुलाई से नवंबर तक इस योजना की पांच किस्तों का भुगतान किया जा चुका है, और यह योजना आगे भी जारी रहेगी।
मराठी भाषा को प्रोत्साहन
राज्यपाल ने बताया कि केंद्र सरकार ने मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया है। इसके तहत देशभर के 450 विश्वविद्यालयों में मराठी भाषा के अध्ययन के लिए विशेष केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मराठी भाषा के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए केंद्र सरकार अतिरिक्त फंड भी प्रदान करेगी।
महाराष्ट्र में ‘डेढ़ लाख पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू’ राज्यपाल ने दी जानकारी






