2025 में भी 2024 की तरह राजनीति में कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटेंगी। कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, सिंगापुर, और बांग्लादेश जैसे देशों में आम चुनाव होने वाले हैं।
बांग्लादेश:
एशियाई देश बांग्लादेश में इस साल आम चुनाव हो सकते हैं। राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहे इस देश के चुनावों पर पूरी दुनिया की नजर होगी। फिलहाल, देश में अवामी लीग की शेख हसीना सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद अंतरिम सरकार शासन कर रही है, जिसके प्रमुख मोहम्मद यूनुस हैं। लगातार बढ़ते दबाव के बीच, उन्होंने 2025 के अंत या 2026 की शुरुआत में चुनाव कराने की घोषणा की है। जनवरी 2024 के आम चुनावों में शेख हसीना ने लगातार चौथी बार जीत हासिल की थी, लेकिन मुख्य विपक्षी पार्टी बीएनपी ने इन चुनावों का बहिष्कार किया था। जुलाई-अगस्त 2024 में हुई हिंसा के बाद 5 अगस्त को शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़ दिया।
कनाडा:
प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो का सियासी भविष्य 2025 में तय होगा। 2025 का संघीय चुनाव 20 अक्टूबर या उससे पहले होगा, जिसमें संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स के लिए चुनाव होंगे। ट्रूडो लगातार गिरते समर्थन के बावजूद चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं। 2024 के सर्वेक्षणों के मुताबिक, जनता में उनकी लिबरल पार्टी के प्रति नाराजगी है, और तीन-चौथाई मतदाता उन्हें अस्वीकार कर रहे हैं। बढ़ती ब्याज दरें, महंगाई, और घरों की कीमतों में उछाल उनकी लोकप्रियता पर असर डाल रहे हैं। वहीं, विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता ने बड़ी बढ़त हासिल की है और अगली सरकार बनाने की संभावना जताई जा रही है।
ऑस्ट्रेलिया:
27 सितंबर 2025 तक या उससे पहले देश में संघीय चुनाव होंगे। युवा और स्वदेशी मतदाताओं की बड़ी भागीदारी के कारण यह चुनाव ऐतिहासिक हो सकता है। इस चुनाव में संसद के निचले सदन (प्रतिनिधि सभा) की 150 सीटों और उच्च सदन (सीनेट) की 76 में से 40 सीटों पर मतदान होगा। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज की लेबर पार्टी दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ेगी, और उन्हें पीटर डटन के नेतृत्व वाले लिबरल-नेशनल गठबंधन से चुनौती मिलेगी।
जर्मनी:
जर्मनी में 23 फरवरी 2025 को संसद के निचले सदन बुंडेस्टाग के लिए आम चुनाव होंगे। गठबंधन सरकार के टूटने के बाद चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने चुनावों की घोषणा की है।
बेलारूस:
26 जनवरी 2025 को बेलारूस में राष्ट्रपति चुनाव होंगे। पिछले चुनाव (2020) में मौजूदा राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको की जीत के बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। विपक्षी नेता स्वियातलाना ने चुनाव में अपनी जीत का दावा किया था।
सिंगापुर:
सिंगापुर में 23 नवंबर 2025 से पहले आम चुनाव होंगे। इस बार सत्तारूढ़ पीपुल्स एक्शन पार्टी (पीएपी) का नेतृत्व ली सीन लूंग नहीं करेंगे, जिन्होंने मई 2024 में प्रधानमंत्री पद लॉरेंस वोंग को सौंपा था।





