श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्री रामलला के श्री विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ 11 जनवरी 2025 को मनाई जाएगी, जिसे “प्रतिष्ठा द्वादशी” नाम दिया गया है। इस अवसर पर 11 से 13 जनवरी तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का विवरण और समय-सारणी राममंदिर ट्रस्ट ने सोशल मीडिया पर साझा की है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अंगद टीला पर आयोजित होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आम जनता को शामिल होने की अनुमति होगी, जबकि अन्य कार्यक्रमों में केवल विशिष्ट व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस समारोह में 110 से अधिक विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिनमें संत-महात्मा और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल हैं। साथ ही, 10 जनवरी से रामलला के दर्शनार्थियों को नि:शुल्क भोग प्रसाद का वितरण भी प्रारंभ किया जाएगा।
11 से 13 जनवरी तक के कार्यक्रम
1- यज्ञ मंडप (मंदिर परिसर)
• शुक्ल यजुर्वेद के मंत्रों के साथ अग्निहोत्र (सुबह 8 से 11 बजे और दोपहर 2 से 5 बजे तक)
• छह लाख श्रीराम मंत्र जाप, रामरक्षा स्त्रोत, हनुमान चालीसा आदि का पाठ
2- मंदिर भूतल पर कार्यक्रम
• राग सेवा (दोपहर 3 से 5 बजे तक)
• बधाई गान (शाम 6 से रात 9 बजे तक)
3- यात्री सुविधा केंद्र के प्रथम तल पर
• संगीतमय मानस पाठ
4- अंगद टीला
• रामकथा (दोपहर 2 से 3:30 बजे तक)
• मानस प्रवचन (3:30 से 5 बजे तक)
• सांस्कृतिक कार्यक्रम (शाम 5:30 से 7:30 बजे तक)
• भगवान का प्रसाद वितरण (सुबह से)






