जयपुर। प्रदेश में नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही पूरे जनवरी महीने को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान वाहनों की गहन जांच की जाएगी। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमों का पालन न करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, परिवहन विभाग विशेष प्रयास करते हुए सड़क सुरक्षा अभियान को जन-जन का अभियान बनाने की पहल करेगा। शासन सचिव और परिवहन आयुक्त शुचि त्यागी ने परिवहन भवन में प्रदेश के सभी प्रादेशिक परिवहन अधिकारियों और अन्य उच्चाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर जनवरी माह में चलाए जाने वाले सड़क सुरक्षा अभियान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में सड़क सुरक्षा के लिए 6 ई (एजुकेशन, इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट, इमरजेंसी केयर, इवेल्यूएशन, और एंगेजमेंट) आधारित रणनीति पर कार्यवाही शुरू की जाएगी।
• जनवरी में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
• स्कूलों, कॉलेजों और कार्यस्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
• ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
• जागरूकता के जरिए सड़क दुर्घटनाओं को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
• दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर आदि सुनिश्चित किए जाएंगे।
• अनाधिकृत पार्किंग और सड़क पर अनाधिकृत कट्स पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
वाहनों का गहन निरीक्षण किया जाएगा
सड़क सुरक्षा माह के दौरान वाहनों की गहन जांच अभियान चलाया जाएगा। मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रादेशिक परिवहन अधिकारियों को वाहनों के दस्तावेजों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। ओवरलोडिंग, ओवरहैंगिंग, ओवरक्राउडिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र की जांच समेत सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।






