जयपुर। राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है, जो लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे थे। नए साल में प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा मिला है। भजनलाल सरकार ने तबादलों पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। यह प्रतिबंध 1 जनवरी से 10 जनवरी तक के लिए हटाया गया है। हालांकि, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा/कॉलेज शिक्षा विभाग और तकनीकी शिक्षा विभाग को छोड़कर अन्य सभी विभागों में तबादले हो सकेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में तबादलों पर से प्रतिबंध हटाने पर चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री ने जनवरी में प्रतिबंध हटाने पर सहमति जताई, जिसके बाद सरकार ने एक आदेश जारी कर दस दिनों के लिए यह प्रतिबंध हटा दिया है।
शिक्षा विभाग में रोक जारी
शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए यह निर्णय निराशाजनक हो सकता है, क्योंकि इस विभाग पर प्रतिबंध जारी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा विभाग में तबादलों को लेकर कुछ लंबित नीतिगत निर्णय हैं, जिनके चलते रोक अभी बनी रहेगी। तबादलों पर लगी रोक हटने से अन्य विभागों के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह फैसला विशेष रूप से उन कर्मचारियों के लिए लाभकारी होगा, जो लंबे समय से स्थानांतरण का इंतजार कर रहे थे। बता दें कि सत्ता में आने के बाद भजनलाल सरकार ने फरवरी में भी 10 दिनों के लिए तबादलों पर से प्रतिबंध हटाया था, लेकिन उस समय भी शिक्षा विभाग में तबादले नहीं किए गए थे। तब शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने परीक्षाओं का हवाला देते हुए तबादले नहीं करने का निर्णय लिया था।







