राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवीन जैन द्वारा चलाई जा रही एक अनूठी मुहिम ने सीकर के बच्चों में फैलाई जागरूकता
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवीन जैन ने कल सीकर के दो कोचिंग संस्थानो में स्पर्श अभियान के तहत सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूकता फैलाकर पांच हजार से अधिक बच्चों एवं अभिवावकों को लाभान्वित किया। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से चलाया जा रहा यह स्पर्श अभियान अब तक क़रीबन सत्रह लाख बच्चों को जागरूक कर चुका है। स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ यौन दुराचार की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होनें कहा कि यह अभियान ऐसी घटनाओं की रोकथाम में मददगार साबित होगा। इसके पहने उन्होंने अपनी टीम के साथ 8 सितम्बर को भी सीकर के कई स्कूलों में अभियान चलाया था.

आईएएस नवीन जैन अपने व्यस्त कार्यक्रमो के बीच प्रत्येक शनिवार को या जब भी उन्हें समय मिलता है इस अभियान में जुट जाते हैं, तथा बच्चों में जागरूकता फैलाकर उन्हें अच्छे एवं बुरे स्पर्श की जानकारी देते हैं। आईएएस नवीन जैन ने बताया कि जब वह शिक्षा विभाग में थे तो उस वक्त “सुरक्षित स्कूल सुरक्षित राजस्थान” के तहत 26 अगस्त 2023 को एक ही दिन में 65000 स्कूलों में इस अभियान ने 63 लाख से अधिक बच्चों, अध्यापकों, अभिवावकों सहित अन्य लोगों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान बताकर एक विश्व रिकार्ड भी कायम किया था।
श्री नवीन जैन ने बताया कि देश में छोटे बच्चों के साथ दिन प्रतिदिन बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं को देखकर एक दिन उनके मन में ख्याल आया कि क्यों न बच्चों के लिए कुछ किया जाय। यही सोचकर उन्होंने 5 साल पहले इस अभियान की शुरुआत की। धीरे धीरे इस अभियान ने गति पकड़ी, और उनके साथ भिन्न भिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे कई वॉलिंटियर ने जुड़कर “सैटरडे फॉर सोसायटी” यानि “एक शनिवार समाज के लिए” के तहत प्रत्येक शनिवार को विभिन्न स्कूलों में बच्चों को जागरूक करना आरंभ किया।
श्री जैन ने बताया कि बिना किसी कार्यालय, एवं आर्थिक सहायता के स्वयं के स्तर पर चलाया जा रहा यह अभियान एक दिन इतना बड़ा अभियान बन जायेगा, ये कभी सोचा नहीं था। श्री जैन ने आगे बताया कि प्रदेश के स्कूलों में चलाया जा रहा यह अभियान अब तक लाखों बच्चों को लाभान्वित कर चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरुक करते हुए टैक्नॉलॉजी के दुष्प्रभाव और अच्छे तथा बुरे स्पर्श के प्रति महत्वपूर्ण जानकारियां दी। वॉलिंटियर्स के सहयोग से चलाया जा रहा यह अभियान ‘चाइल्ड अब्यूज’ की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए राजस्थान सहित देश के अन्य राज्यों (दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, महाराष्ट्र) में भी अपनी पहचान बना चुका है। कल सीकर में हुए इस अभियान में नवीन जैन के अलावा जयपुर से आये डॉ सौरभ जैन ने भी इस अभियान में भाग लिया, व बच्चों को जागरूक किया.






